अंबेडकरनगर। संयुक्त व्यापार मंडल के जिला संरक्षक गोविंद अग्रवाल के नेतृत्व में मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल एवं भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने डीएम को ज्ञापन सौंप कर शहजादपुर नई सड़क स्थित दुकानों में नदी का पानी घुस जाने एवं आम जनमानस को हो रहीं समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि दुकानों में पानी घुस जाने से व्यापारियों को बड़े पैमाने पर नुकसान उठाना पड़ा है। ऐसे में संबंधित व्यापारियों को आपदा राहत कोष से सहायता दिलाई जाए, जिससे उनके नुकसान की भरपाई हो सके।
तमसा नदी से सटे नई सड़क शहजादपुर व आसपास के मोहल्लों में बाढ़ का पानी पहुंच जाने से नागरिकों के समक्ष विभिन्न प्रकार की मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। नई सड़क शहजादपुर में दुकानों में पानी भर जाने से बड़े पैमाने पर व्यापारियों को क्षति उठानी पड़ी है। इस बीच मंगलवार को संयुक्त व्यापार मंडल के जिला संरक्षक गोविंद अग्रवाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने डीएम सैमुअल पॉल एन से मुलाकात कर व्यापारियों व आम जनमानस की समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने बताया कि शहजादपुर बाजार में ओवरब्रिज के निकट से तहसील तिराहे तक तथा फव्वारा तिराहे से नई सड़क एवं अन्य मोहल्लों में बाढ़ का पानी पहुंच जाने से दुकानों व घरों में जलभराव हो गया है। इससे व्यापारियों को बड़े पैमाने पर जहां नुकसान उठाना पड़ा है, वहीं आम जनमानस को भी आर्थिक क्षति हुई है। ऐसे में स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं को परखने की जरूरत है।
व्यापारी नेताओं ने कहा कि बाढ़ से व्यापारियों को बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है। ऐसे में उन्हें आपदा राहत कोष से मदद दिलाई जाए, जिससे संबंधित व्यापारियों को कुछ हद तक राहत मिल सके। डीएम ने व्यापारियों को भरोसा दिलाया कि जरूरी निर्णय आकलन के अनुरूप लिया जाएगा। इस मौके पर जिला संरक्षक जयराम संगवानी, जिलाध्यक्ष प्रदीप कुमार गुप्ता शंकर, जिला महामंत्री सुशील वरयानी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष फूलचंद यादव, उपाध्यक्ष रमेश सेठ, विजय, रमेश चंद्र गुप्त, युवा जिलाध्यक्ष दीपक अग्रहरि, दीपक मद्धेशिया, राकेश सोनकर व राजीव उपाध्याय आदि मौजूद रहे।