घटना के कारणों की छानबीन के शुरूआती दौर में पता चला कि रामशंकर ने एक से अधिक विवाह किया था। उनकी पहली पत्नी की जलकर मौत हो गई थी। उन पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज हुआ था। इसमें रामशंकर को जेल भी हुई थी। इसके बाद रामशंकर ने दूसरा विवाह सुल्तानपुर जनपद की एक महिला से किया। महिला ने रामशंकर पर केस करा दिया था। इस बीच रामशंकर ने तीसरा विवाह किया। हालांकि दूसरी पत्नी से विवाद बना रहा। सुल्तानपुर निवासी उस महिला ने हरजाने आदि के लिए हाईकोर्ट तक का दरवाजा खटखटाया, लेकिन वहां से दलील खारिज हो गई। पुलिस को जांच में पता चला कि महिला के मित्र ने कुछ दिन पहले रामशंकर को धमकाया था कि उसे हरजाने का पैसा दे दो, वरना अंजाम भुगतना पड़ेगा। इसके बाद ही अब शनिवार को रामशंकर की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई।
भाई ने दर्ज कराया हत्या का केस
रामशंकर की हत्या के मामले में पुलिस ने भाई की तरफ से हत्या का नामजद केस भीटी थाने में दर्ज कर लिया है। एएसपी संजय राय ने बताया कि रामशंकर के भाई ने महिला व एक अन्य के विरुद्घ नामजद तहरीर दी है। आरोपियों के विरुद्घ केस दर्ज हो गया है। उधर, देर शाम पुलिस ने मामले में आरोपी महिला व उसके मौजूदा पति को हिरासत में ले लिया है।