निरीक्षण के दौरान बच्चों से जानकारी लेतीं बीईओ प्रिया पाठक।
कटेहरी(अंबेडकरनगर)। कटेहरी शिक्षा क्षेत्र में बिना मान्यता के चलने वाले विद्यालयों की शिकायत मिलने पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए बीईओ ने निरीक्षण किया। बीईओ की ओर से जांच में कहीं प्राथमिक व हाईस्कूल की मान्यता प्राप्त दो विद्यालय इंटरमीडिएट तक संचालित मिले। मान्यता के कागज मांगे गए तो विद्यालय की ओर से पूरे कागज नहीं दिखाए जा सके। जांच के दौरान स्कूलों में मान्यता से अधिक कक्षाओं का संचालन होता पाया गया। इसके बाद बीईओ ने दोनों स्कूलों को कक्षाओं का संचालन करने तत्काल बंद करने के निर्देश दिए हैं।
शुक्रवार को खंड शिक्षा अधिकारी प्रिया पाठक ने क्षेत्र के आरपी जीके उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मर्थुवा सरैया में स्कूल की जांच की। इस विद्यालय की छह से 10 तक की मान्यता मिली, जबकि 11 और 12 की कक्षाएं बिना मान्यता के संचालित थीं। इसके अलावा केडी बाल शिक्षा निकेतन आनंदनगर यरकी में कक्षा एक से पांच तक की मान्यता है, जबकि 6 से 12 तक की कक्षाएं संचालित होने की शिकायत मिली थी। इस दौरान प्रिंसिपल व प्रबंधक स्कूल में नहीं थे। विद्यालय कर्मी मान्यता से संबंधित कोई भी अभिलेख उन्हें नहीं दिखा सके। इस पर विद्यालय को बंद करा दिया गया। इतना ही नहीं ऑफिस में कृषि सलाह केंद्र चलता मिला। स्टाफ का सहयोग न मिलने पर पुलिस बल का सहारा लेकर मौके पर ही बच्चों की छुट्टियां करा अमान्य कक्षाओं को बंद करने के निर्देश दिए।
बीईओ प्रिया पाठक ने बताया कि दो विद्यालयों में अधूरी मान्यता के साथ कक्षाओं का संचालन पाया गया है। इसके तहत बिना मान्यता के संचालित हो रही कक्षाओं को रोक दिया गया है। दोबारा कक्षाएं चलती मिलीं तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी।