अंबेडकरनगर। अकबरपुर के राजकीय एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में बास्केटबॉल का कोर्ट तो बना है, लेकिन यहां प्रशिक्षक नहीं है। प्रशिक्षक न होने से मैदान की दशा भी खराब होती जा रही है। गोल पोस्ट की जाली खराब हो चुकी है। मैदान कई जगह से टूटने लगा है। कोच हो तो मैदान का रख-रखाव हो सकता है। कोच के न होने के कारण खिलाड़ियों को सही से प्रशिक्षण नहीं मिल पा रहा है। इसकी वजह से कुछेक खिलाड़ी ही कभी-कभार अभ्यास के लिए आते हैं। ऐसे में इस खेल में मेडल भी नहीं मिल रहे हैं।
विभाग के जिम्मेदारों का कहना है कि कोच की डिमांड भेजी जाती है। अब जिन खेलों के प्रशिक्षक नहीं है, उनकी जल्द ही फिर से डिमांड भेजी जाएगी। प्रशिक्षक मिलने पर खिलाड़ियों की प्रैक्टिस में और सुधार आएगा। अब कब कोच की नियुक्ति होगी, इसे लेकर स्पष्ट जानकारी विभाग के पास भी नहीं है। इससे खिलाड़ी परेशान हैं।
पूर्व में रहे डीएम सैमुअल पॉल एन ने सरकारी मद से स्टेडियम में कोर्ट का निर्माण कराया था, जिससे खिलाड़ियों को मैदान पर बेहतर अभ्यास कराया जा सके। वहीं अब इस खेल का प्रशिक्षक न होने से खिलाड़ियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस बाबत क्रीडा अधिकारी शीला भट्टाचार्य ने बताया कि खेल के प्रशिक्षक नहीं है, उनकी जल्द ही फिर से डिमांड भेजी जाएगी।