अंबेडकरनगर पटेलनगर तिराहे के निकट लखीमपुर कांड को लेकर प्रदर्शन करते कांग्रेस पदाधिकारी।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। लखीमपुर खीरी में किसानों के साथ हुई बर्बरता ने जलियांवाला बाग कांड को भी पीछे छोड़ दिया है। इसकी जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। यह आरोप सोमवार को पटेलनगर तिराहे पर प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सैय्यद मेराजुद्दीन किछौछवी ने लगाया। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार तानाशाही की सारी हदें पार कर चुकी है। सरकार न सिर्फ तीन नए कृषि कानून लाकर किसानों का गला घोंटने का प्रयास कर रही है, बल्कि अब डंडे व गोली के बल पर उसे थोपने की कोशिश की जा रही है। कृषि कानून का विरोध करने वाले किसानों पर जिस तरह अत्याचार हो रहा है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। बाद में अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
लखीमपुर खीरी में किसानों की मौत से आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पटेलनगर तिराहे पर एकजुट होकर प्रदर्शन किया। वक्ताओं ने कहा कि लखीमपुर की घटना ने प्रदेश सरकार को पूरी तरह बेनकाब कर दिया है। सरकार में शामिल लोग कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों पर जिस तरह से अत्याचार कर रहे हैं, वह निंदनीय है। पूर्व जिलाध्यक्ष रामकुमार पाल ने किसानों की मौत पर चिंता जाहिर की। कहा कि लखीमपुर में किसानों को मार डालने के बाद यूपी में पुलिस ने जिस अमर्यादित ढंग से प्रियंका गांधी को पीड़ितों व किसानों से मिलने से रोका, वह संवैधानिक मर्यादाओं को तार-तार करने वाला है। लखीमपुर खीरी में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र टैनी के बेटे और समर्थकों द्वारा किसानों की रौंद कर हत्या करने जैसी घटना सरकार के तमाम दावों पर कालिख पोतने वाली है। कांग्रेस नेताओं ने डिप्टी सीएम व मंत्री को अविलंब बर्खास्त करने और दोषियों को दंडित करने की मांग की।
जिला महासचिव अमित जायसवाल ने भी सरकार के अड़ियल रवैये की निंदा की। कहा कि सरकार को भी इसका खामियाजा भुगतना होगा। जिला प्रवक्ता अवधेश कुमार मिश्र व जिला उपाध्यक्ष रवीश शुक्ल ने कहा कि समाज के कई जिम्मेदार स्तंभ भी किसानों के साथ सौतेला व्यवहार कर रहे हैं। बाद में मांगों से संबंधित राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। इस मौके पर पीसीसी सदस्य दुर्गा प्रसाद पांडेय, बद्री नारायण शुक्ल, विशाल वर्मा, लोकेश त्रिपाठी, दिवाकर पांडेय, डॉ. गयादीन भारती, डॉ. विजय शंकर तिवारी, संजय तिवारी, जियाउद्दीन अंसारी, शीतला श्रीवास्तव, सविता वर्मा व मंजीत राजभर आदि मौजूद रहे।