अंबेकडकरनगर के बीएन इंटर कॉलेज में दीपावली मेले को लेकर लगा झूला।
- फोटो : AMBEDKAR NAGAR
अंबेडकरनगर। बीपीएल कार्डधारकों को दीपावली मेले में निशुल्क दुकानें आवंटित की जा रही हैं। 28 अक्तूबर से 4 नवंबर तक जिले की तीन नगर पालिका परिषद अकबरपुर, जलालपुर व टांडा में लगने वाले दीपावली मेले में लगभग 500 दुकानों का आवंटन हो चुका है। न सिर्फ दीपावली पर्व से संबंधित, बल्कि कपड़ा, फर्नीचर व अन्य सामानों की भी दुकानें मेले में लगाई जाएंगी। इसमें अंबेडकरनगर जनपद के अलावा देश के अन्य प्रांतों से भी दुकानदारों की ओर से दुकानें लगाई जाएंगी। बच्चों के आकर्षण के लिए विभिन्न प्रकार के झूले भी स्थापित कर दिए गए हैं। इस बीच मंगलवार को अकबरपुर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन सरिता गुप्ता ने अकबरपुर नगर के बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर आयोजित होने वाले मेले का जायजा लिया। साथ ही जिम्मेदारों को जरूरी दिशा निर्देश दिया।
दीपावली पर्व के उल्लास में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और लोगों को खरीदारी के लिए इधर-उधर की दौड़ न लगानी पड़े, इसके लिए शासन ने सभी नगर पालिका परिषद क्षेत्र में दीपावली मेले का आयोजन किए जाने का निर्देश दिया था। 28 अक्तूबर से 4 नवंबर तक लगने वाले मेले की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। अकबरपुर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के नगर स्थित बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर दीपावली मेला लगेगा।
विशेष बात यह है कि मेले में बीपीएल कार्डधारकों को निशुल्क दुकानें आवंटित की जा रही हैं। इसके अलावा दुकान के अनुसार 500 रुपये से एक हजार रुपये प्रतिदिन दुकानदारों से वसूला जाएगा। बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर अब तक 200 दुकानों का आवंटन हो चुका है। इसमें न सिर्फ दीपावली पर्व से संबंधित सामग्री की दुकानें हैं, बल्कि कपड़ा, फर्नीचर, जड़ी बूटी, पतंजलि प्रोडक्ट समेत कई अन्य प्रकार की दुकानें शामिल हैं।
इसमें न सिर्फ अकबरपुर, बल्कि दिल्ली, कोलकाता, कश्मीर समेत कई अन्य प्रांतों के भी दुकानदार अपने सामानों के साथ दुकानें लगाएंगे। बच्चों के आकर्षण के लिए मैदान में ब्रिग डांस झूला, सेलांबो, ज्वाइंड वीर झूला, नाव झूले लगाए गए हैं। इसके अलावा टांडा में टीएनपीजी कॉलेज व जलालपुर में रामलीला मैदान पर दीपावली मेले का आयोजन होगा।