टांडा (अंबेडकरनगर)। नगर के मोहल्ला छोटी बाजार कस्बा में शुक्रवार को पांच वर्षीय बालिका की डेंगू की चपेट में आने से मौत हो गई। एलकेजी में पढ़ रही सान्वी का डेंगू संक्रमण के चलते लीवर व फेफड़ा प्रभावित हो गया था। उसकी मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है।
छोटी बाजार कस्बा निवासी सुनील जायसवाल की पुत्री सान्वी करीब सप्ताह पहले डेंगू की चपेट में आ गई थी। उसका उपचार नगर के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। इस घटना से मोहल्ले के लोगों में शोक का माहौल है। साथ ही नगर में डेंगू के बढ़ते प्रकोप से लोगों में दहशत का भी माहौल है। नागरिकों ने नगर में साफ-सफाई के साथ ही कीटनाशक दवाओं का छिड़काव कराए जाने की मांग की है। उधर स्वास्थ्य विभाग ने डेंगू से किसी के मौत होने की जानकारी से इन्कार किया है। विभाग के मुताबिक अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं मिली है।
पांच और मिले डेंगू संक्रमित
अंबेडकरनगर। जिले में शुक्रवार को डेंगू के पांच नए मरीज मिले। इनमें एक को जिला अस्पताल जबकि दो को राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर में भर्ती कराया गया। सीएमओ कार्यालय के अनुसार शुक्रवार को टांडा में चार जबकि अकबरपुर में एक डेंगू का मरीज सामने आया। उधर सीएमओ डॉ. राजकुमार ने कहा कि डेंगू के हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है, स्थिति नियंत्रण में है। लोगों को चाहिए कि वे डेंगू को लेकर पूरी तरह से सजग रहें। यदि कोई भी डेंगू के लक्षण हों तो तत्काल चिकित्सक से संपर्क करें। इसके साथ ही साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दें। (संवाद)