अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोसाईगंज निवासी सुनील कुमार (32) शनिवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह पवित्र शिवबाबा के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रही पिकअप ने उसे चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। बसखारी थाना अंतर्गत किछौछा निवासी शांति देवी (45) सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रही थी।
इसी थाना अंतर्गत बसखारी निवासी रामनरेश (38) शुक्रवार देर शाम बाइक से समड़ा से घर जाते समय बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। राजेसुल्तानपुर निवासी मुराद अली (36) शनिवार देर शाम बाइक से जहांगीरगंज से घर जाते समय बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
हंसवर थाना क्षेत्र के भूलेपुर निवासी राजकुमार (31) शुक्रवार देर शाम बाइक से बाजार जाते समय बाजार के निकट बाइक की टक्कर से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।