अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से एक की हालत नाजुक देख उसे केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद अयोध्या के गोसाईगंज निवासी अमित कुमार (35) रविवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह अहिरौली थाना क्षेत्र में यादवनगर तिराहे के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रहे ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
टांडा कोतवाली क्षेत्र के कश्मीरिया मोहल्ला निवासी श्यामा देवी (68) सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गईं, जब वह घर के निकट सड़क पार कर रही थीं। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के केदारनगर निवासी मनीष (28) शनिवार देर शाम बाइक से टांडा से घर जाने के दौरान बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया।
अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के बरियावन निवासी उमेश (32) रविवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जाने के दौरान नगर के पास बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना क्षेत्र के कुर्कीबाजार निवासी सत्यजीत (26) देर शाम बाइक से अकबरपुर से घर जाने के दौरान बाजार के निकट बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गया। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।