अंबेडकरनगर। जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल को केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पड़ोसी जनपद सुल्तानपुर के दोस्तपुर थाना अंतर्गत दोस्तपुर निवासी हरीलाल (45) रविवार को सुबह बाइक से अकबरपुर जा रहा था। बताया जाता है कि जब वह रामपुर सकरवारी बाजार के निकट पहुंचा, तभी उधर से गुजर रही तेज रफ्तार जीप ने उसे कुचल दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक देख प्राथमिक उपचार के बाद केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया गया। अहिरौली थाना क्षेत्र के कटेहरी निवासी रामसेवक (65) सुबह घर के पास सड़क पार करने के दौरान बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गए।
टांडा कोतवाली अंतर्गत खासपुर गांव निवासी मोहम्मद लतीफ (32) सुबह बाइक से अकबरपुर जाने के दौरान कश्मीरिया के निकट जीप की टक्कर लगने से घायल हो गया। सम्मनपुर थाना अंतर्गत पलई कल्याणपुर गांव निवासी सावित्री देवी (45) सुबह उस समय बाइक की टक्कर लगने से घायल हो गई, जब वह घर के पास सड़क पार कर रही थी। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के इल्तिफातगंज निवासी अमित कुमार (35) सुबह बाइक से बसखारी जाते समय बाजार के निकट ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से घायल हो गया। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जाता है कि हादसे के शिकार हुए बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं लगाया था।