अंबेडकरनगर। सात अक्तूबर से शुरू हो रहे शरदीय नवरात्र पर्व का उल्लास जिले में दिखना शुरू हो गया है। जिले में जगह-जगह तैयारियां अंतिम चरण में है। दुर्गापूजा पर्व को लेकर भी जिले में जगह-जगह पूजा पंडालों का निर्माण प्रारंभ कर दिया गया है। एक तरफ जहां कारीगरों के हाथ पूजा पंडालों के निर्माण में तेजी से चल रहा है, तो वहीं मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की प्रतिमाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। कोरोना प्रोटोकॉल के चलते इस बार छोटी प्रतिमाओं पर अधिक जोर दिया जा रहा है। पूजा पंडालों पर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की मुश्किल न हो, इसके लिए पूजा समितियों द्वारा जरूरी तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
जिला मुख्यालय से लेकर जिले के अन्य क्षेत्रों में पूजा पंडाल निर्माण स्थानीय व बाहरी कारीगरों द्वारा किया जा रहा है। कहीं कमल के फूल पर मां दुर्गा प्रकट होंगी, तो कहीं शेर पर सवार होंगी।
जिला मुख्यालय पर अकबरपुर अयोध्या मार्ग, पुराने तहसील तिराहा, फव्वारा तिराहा, नई सड़क, शहजादपुर चौक, गल्ला मंडी, लोहा मंडी, सब्जी मंडी, पंडाटोला, मुरादाबाद, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, पटेलनगर समेत कई अन्य क्षेत्रों में पूजा पंडाल का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इसके अलावा मां दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों की प्रतिमाओं को भी कारीगर अंतिम रूप देने में जुट गए हैं। अकबरपुर अयोध्या मार्ग पर संतोष पाल, जबकि पहितीपुर रोड पर श्यामू ने कहा कि मूर्तियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिससे कि समय पर पूजा समितियों को उपलब्ध कराया जा सके।
जिला मुख्यालय पर सजेंगे 135 पूजा पंडाल
केंद्रीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष विशाल अग्रहरि ने कहा कि जिला मुख्यालय पर 135 पूजा पंडाल स्थापित किए जा रहे हैं। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए इस बार पंडालों में छोटी मूर्तियां स्थापित की जाएंगी। पूजन-अर्चन के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा। न सिर्फ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन किया जाएगा, बल्कि मास्क की अनिवार्यता भी सुनिश्चित की जाएगी। इसके अलावा पूजा पंडालों में सैनिटाइजर की भी व्यवस्था रहेगी। इसके लिए सभी पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर उन्हें जागरूक किया जा रहा है। संरक्षक मनोज गुप्ता ने कहा कि छोटी मूर्तियां रखने के लिए पूजा समितियों के पदाधिकारियों से वार्ता की जा रही है। साथ ही उनसे अपील भी की जा रही है कि पर्व के दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन करें।
कोरोना प्रोटोकॉल का होगा पालन
श्री बाल संघ दुर्गा पूजा समिति गल्लामंडी के अध्यक्ष सत्यम सोनी ने कहा कि पूजा पंडाल पर इस प्रकार की व्यवस्था की जा रही है, जिससे पूजन अर्चन के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो सके। कहा कि पर्व के दौरान पूरी तरह से कोरोना प्रोटोकॉल का पालन किया जाएगा। जय मां दुर्गा पूजा समिति दया मार्केट के अध्यक्ष विनोद ने कहा कि पूजा पंडाल पर ही मास्क भी उपलब्ध रहेगा। ऐसे श्रद्धालु जो मास्क लगाकर नहीं आएंगे, उन्हें मास्क उपलब्ध कराया जाएगा। इसके अलावा लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूक भी किया जाएगा। जय मां विंध्वासिनी पूजा समिति शहजादपुर के अध्यक्ष संजय मद्धेशिया ने कहा कि पूजा पंडाल पर मास्क के साथ ही सैनिटाइजर की भी व्यवस्था रहेगी। कोरोना प्रोटोकॉल का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
सात अक्तूबर से प्रारंभ होगी रामलीला
सात अक्तूबर से प्रारंभ हो रहे नवरात्र पर्व के साथ ही एक तरफ जहां दुर्गापूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना कर पूजन अर्चन का दौर शुरू होगा, तो वहीं रामलीला का मंचन भी जगह-जगह प्रारंभ हो जाएगा। श्री रामलीला सांस्कृतिक मंडल गांधीनगर इल्तिफातगंज रोड पर होने वाले ऐतिहासिक रामलीला का शुभारंभ सात अक्तूबर से होगा। अध्यक्ष संजय चतुर्वेदी व उपाध्यक्ष रवि चतुर्वेदी ने कहा कि सात अक्तूबर से प्रारंभ होने वाला रामलीला का समापन 15 अक्तूबर को होगा। अंतिम दिन न सिर्फ राम व रावण का युद्ध होगा, बल्कि मेले का भी आयोजन होगा। रामलीला मंचन में बिहार के कलाकार इस बार आ रहे हैं। सद्गुरु कृपा रामलीला शहजादपुर के अध्यक्ष अवधेश मेहरोत्रा ने कहा कि आगामी सात अक्तूबर से रामलीला का मंचन प्रारंभ होगा। इसमें बाहरी कलाकार भागीदारी करेंगे।