अंबेडकरनगर। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर लगी आदर्श आचार संहिता का सीधा प्रभाव जिले की 1126 कोटे की दुकानों से जुड़े चार लाख से अधिक राशन कार्डधारकों पर पड़ा है। जो राशन उन्हें अब तक मिल जाना चाहिए था, वह नहीं मिल सका है। कारण यह कि निशुल्क मिलने वाले राशन में जो नमक, चना व रिफाइंड ऑयल का पैकेट मिलता था, उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो थी। आचार संहिता लगने के चलते बगैर फोटो वाले पैकेट का वितरण होना है। इसके लिए ही न सिर्फ राशन की उठान में विलंब हुआ, बल्कि इसके वितरण में भी देरी हो रही है। नतीजा यह है कि इसका खामियाजा संबंधित उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है।
कोटे की दुकान से निशुल्क राशन हासिल करने के लिए जनवरी में राशन कार्डधारकों को लंबा इंतजार करने को विवश होना पड़ा है। इसका मुख्य कारण विधानसभा चुनाव के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता की घोषणा होना है। दरअसल प्रत्येक माह के प्रारंभ में जो निशुल्क राशन उपभोक्ताओं को कोटे से मिलता है, उसमें चना, नमक व रिफाइंड ऑयल भी शामिल है। यह तीनों ही सामग्री पैकेट में होती है। गत दिसंबर में जो पैकेट का वितरण उपभोक्ताओं में किया गया था, उस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की फोटो थी। अब जबकि आचार संहिता लग चुकी है, तो ऐसे में बगैर फोटो वाले पैकेट का वितरण होना है। इसके लिए ही जनवरी में उपभोक्ताओं को राशन मिलने में विलंब हो रहा है।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 1126 कोटे की दुकानें संचालित हैं। इन कोटे की दुकानों से 4 लाख 2 हजार 311 उपभोक्ता जुड़े हुए हैं। इसमें लगभग 65 हजार अंत्योदय कार्डधारक हैं, जबकि शेष पात्र गृहस्थी राशन कार्डधारक हैं। वैसे तो कोटेदारों द्वारा राशन का उठान 31 दिसंबर तक कर लिया जाना चाहिए था। 4 जनवरी तक सत्यापन के बाद 14 जनवरी तक निशुल्क राशन का वितरण पूरा कर लिया जाना था। इस बार ऐसा नहीं हो सका। आचार संहिता लगने के चलते इस बार राशन का उठान 10 जनवरी को हो सका है। ऐसे में अब इसके वितरण में विलंब होना लाजिम है। नतीजा यह है कि अब तक राशन न मिलने से संबंधित उपभोक्ताओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
पैकेट पर नहीं है फोटो
जलालपुर के कोटेदार अनिल सिंह व पृथ्वीपाल ने कहा कि आचार संहिता लागू होने के चलते ही कुछ विलंब हुआ है। चना, नमक व रिफाइंड ऑयल का जो पैकेट आया है, उन पर किसी का भी फोटो नहीं है। कोटेदार राजेश्वरी ने कहा कि आचार संहिता के चलते इस बार बगैर फोटो वाले पैकेट का वितरण किया जाएगा। अकबरपुर के एक कोटेदार ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नमक व रिफाइंड ऑयल के कुछ पैकेट पर फोटो है, लेकिन उसे हटाकर ही वितरण किया जाएगा। आचार संहिता का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
बगैर फोटो पैकेट का होगा वितरण
इस बार पैकेट वाले राशन का जो वितरण होगा, उस पर किसी का भी फोटो नहीं है। जरूरी तैयारियों के चलते थोड़ा समय लगा है, लेकिन तेजी से राशन का वितरण कराया जा रहा है। यह सख्त निर्देश दिए गए हैं कि यदि कहीं पर फोटो लगे राशन के पैकेट हैं, तो फोटो हटाकर ही दिए जाएं।
-राकेश कुमार, जिलापूर्ति अधिकारी