अंबेडकरनगर। शत-प्रतिशत मतदान को लेकर सोमवार को दिव्यांग मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। विकास भवन परिसर से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए सीडीओ घनश्याम मीणा ने कहा कि शत-प्रतिशत मतदान से ही लोकतंत्र को मजबूती प्रदान हो सकती है। सभी की जिम्मेदारी है कि न सिर्फ वे स्वयं मतदान करें, बल्कि दूसरों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें।
तीन मार्च को जिले में होने वाले मतदान को सकुशल निपटाने के साथ ही शत-प्रतिशत मतदान हो सके, इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी सैमुअल पॉल एन के निर्देश पर जिले में जगह-जगह मतदाता जागरूकता रैली निकाली जा रही है। इसी क्रम में सोमवार को विकास भवन परिसर से ट्राई साइकिल पर बैठकर दिव्यांगों ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली।
रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हुए सीडीओ घनश्याम मीणा ने कहा कि हम सभी की जिम्मेदारी है कि शत-प्रतिशत मतदान को लेकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी ईमानदारी के साथ करें। न सिर्फ खुद मतदान करें, बल्कि दूसरों को भी मतदान के प्रति जागरूक करें। ऐसे मतदाता जो मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते हैं, उन्हें वहां तक पहुंचाने में मदद भी करें। शत-प्रतिशत मतदान से ही लोकतंत्र को मजबूती प्रदान होगी। रैली बाद में पटेलनगर तिराहे से होते हुए वापस विकास भवन पहुंचकर संपन्न हुई।