अंबेडकरनगर। चुनाव को सुचारु तरीके से संपन्न कराने के लिए जिले के पांच विधानसभा क्षेत्रों के सामान्य पर्यवेक्षक व व्यय पर्यवेक्षक के लिए लाइजनिंग ऑफिसरों की तैनाती कर दी गई है। इसके अलावा तीन लाइजनिंग अफसरों को आरक्षित तौर पर रखा गया है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम अशोक कुमार ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देश के क्रम में जिले के सभी पांच विधानसभा क्षेत्र व एक व्यय पर्यवेक्षक के लिए लाइजनिंग ऑफिसरों की तैनाती कर दी गई है।
कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के लिए सहायक अभियंता नलकूप खंड अजय कुमार, टांडा के लिए सहायक अभियंता सिंचाई खंड संजीव सोनकर, आलापुर विधानसभा के लिए उप निबंधक आलापुर अभिषेक सिंह, जलालपुर विधानसभा के सहायक अभियंता प्रांतीय खंड पीडब्ल्यूडी अजीत कुमार यादव, अकबरपुर विधानसभा के लिए उप निबंधक जगदंबा प्रसाद शुक्ल व व्यय प्रेक्षक के साथ सहायक अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण सिद्धार्थ विक्रम सिंह को लाइजनिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा तीन अतिरिक्त आरक्षित लाइजनिंग ऑफिसर उप निबंधक जलालपुर शशि अग्रवाल, उप निबंधक टांडा प्रतिमा व जिला युवा कल्याण अधिकारी अतुल सिंह को बनाया गया है।