अंबेडकरनगर। पुरानी पेंशन बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को कर्मचारी शिक्षक अधिकारी एवं पेंशनर्स अधिकार मंच के तत्वावधान में कर्मचारियों ने कलेक्ट्रेट के निकट धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। पेंशनर्स को समय पर पेंशन नहीं मिल रही, तो विभिन्न विभागों में वेतन विसंगति दूर करने की मांग को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। कर्मचारी व पेंशनर्स विभिन्न प्रकार की मुश्किलों से जूझ रहे हैं, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी समस्याओं का निस्तारण नहीं हुआ, तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। बाद में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा गया।
नेतृत्व कर रहे प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश मिश्र ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाली की मांग लंबे समय से की जा रही है, लेकिन कोई सुध नहीं ली जा रही है। पुरानी पेंशन बहाली की मांग को लेकर जब भी धरना-प्रदर्शन किया जाता है, तो सिर्फ आश्वासन ही दिया जाता है। इससे आगे प्रक्रिया नहीं बढ़ती। इससे कर्मचारियों का हक मारा जा रहा है। सिंचाई विभाग के नलकूप चालकों को ग्रेड पे 2800 रुपये किए जाने की मांग को भी नजरअंदाज किया जा रता है। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही है, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही दिया जा रहा है। संयोजक सूर्यभान सिंह ने कहा कि पेंशनर्स को निशुल्क स्वास्थ्य सेवा का लाभ देने की मांग को अब तक नहीं पूरा किया जा सका है। कलेक्ट्रेट में तैनात लिपिक को नायब तहसीलदार का दर्जा दिए जाने व वेतन विसंगति दूर करने की मांग को शासन द्वारा नहीं पूरा किया जा रहा है। सातवें वेतन आयोग की संस्तुति किए जाने की भी मांग पूरी नहीं की जा रही है।
परिषदीय विद्यालयाें में छात्र-छात्राओं के बैठने की समुचित व्यवस्था करने, चारदीवारी का निर्माण कराने, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की मांग को भी नजरअंदाज किया जा रहा है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों का निस्तारण नहीं हुआ, तो कलेक्ट्रेट के निकट अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। इस मौके पर रामचरन दुबे, राजेश यादव, एएन त्रिपाठी, रामनवल वर्मा, रमाकांत मिश्र, रामअजोर पंकज, आशाराम वर्मा, रामशेष, हरेकृष्ण, अनिल तिवारी, राजितराम, रामसकल वर्मा, प्रदीप दुबे, कमाल अहमद आदि मौजूद रहे।