अंबेडकरनगर। नगर में रविवार को दीपावली मेले का शुभारंभ हुआ। बीएन इंटर कॉलेज मैदान पर मेले का शुभारंभ करते हुए नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सरिता गुप्ता ने कहा कि ऐसे मेले के आयोजन का लोगों को लाभ उठाना चाहिए। एक ही स्थान पर जरूरत के सामान तो मिलेंगे ही मनोरंजन के लिए झूले भी लगे हैं।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है कि इस बार सिर्फ अकबरपुर में ही दीपावली मेले का आयोजन हुआ है। विगत वर्ष यह मेला टांडा व जलालपरु में भी लगा था। उन्होंने दुकानदारों को आश्वस्त किया कि उन्हें कोई भी दिक्कत नहीं होने दी जाएगी। इस बीच लोगों ने जमकर खरीदारी की। किसी ने कश्मीरी शॉल खरीदी तो किसी ने कुर्ती व कुर्ते की खरीदारी की।
कुर्ती खरीदने के बाद विनीता व प्रियंका ने कहा कि यह बहुत खुशी की बात है कि विभिन्न प्रकार के जीवनोपयोगी सामान एक ही स्थान पर मिल जाते हैं। परिसर में लगे तरह-तरह के झूलों का बच्चों व युवाओं ने खूब आनंद उठाया। यह मेला छह नवंबर तक चलेगा।