अंबेडकरनगर। मतगणना के दौरान पोस्टल बैलेट व सर्विस बैलेट पेपर की मतगणना पूरी होने के बाद घोषणा तत्काल करने की मांग कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के बसपा प्रत्याशी प्रतीक पांडेय ने निर्वाचन आयोग व जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर की है। इसमें कहा गया कि तत्काल घोषणा न किए जाने से धांधली होने की संभावना है। मतगणना को पारदर्शी बनाने के लिए संबंधित मत की गणना होने के बाद तत्काल उसकी घोषणा की जाए।
ईवीएम में कैद मतों की गणना से आधा घंटा पहले ही पोस्टल व सर्विस बैलेट से पड़े मतों की गणना की जाएगी। बसपा प्रत्याशी ने कहा कि इन मतों की घोषणा ईवीएम के मतों की गणना के समाप्त होने के बाद जोड़कर घोषित किए जाने की तैयारी है। पूर्व में बैलेट मतों की गिनती पूरी होने के तत्काल बाद ही घोषणा कर दी जाती थी। इस बार इसमें हुए बदलाव को देखते हुुए तमाम जगहों पर कई प्रत्याशियों ने आपत्ति जताई है।
प्रतीक ने चुनाव आयोग व जिला निर्वाचन अधिकारी को पत्र भेजकर कहा कि जिस प्रकार से पूर्व में बैलेट मतों की गिनती पूरी होने के बाद उसकी तत्काल घोषणा कर दी जाती थी, उसी प्रकार से इस बार भी घोषणा की जाए। उधर, डीएम ने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप ही पूरी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। कोई भी प्रत्याशी किसी बिंदु से यदि संतुष्ट नहीं होता है तो उसे पूरी तरह संतुष्ट किया जाएगा।