अंबेडकरनगर। पेट्रोल डालने को लेकर हुई कहासुनी में पेट्रोल पंप मालिक ने बाइक सवार युवक की पिटाई कर दी। इसमें उसके हाथ की एक उंगली फ्रैक्चर हो गई। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
महरुआ थाना क्षेत्र के नसेड़ी निवासी अमित कुमार सिंह ने अकबरपुर कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि वह शारीरिक रूप से विकलांग है। गत दिवस वह अकबरपुर से खरीदारी कर बाइक से घर जा रहा था। पहितीपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए रुका। कर्मचारी ने बगैर फीडिंग के ही तेल डाल दिया। मीटर तो चल गया लेकिन तेल टंकी में नहीं पड़ा। इस पर उसने शिकायत की तो पेट्रोल पंप मालिक ने जांच कराई।
जांच में पता चला कि टंकी में तेल नहीं पड़ा है। उसने कर्मचारियों पर चोरी कर आरोप लगाया तो आरडी पेट्रोल पंप के मालिक ने उसकी पिटाई कर दी। इसमें उसके हाथ की एक उंगली फ्रैक्चर हो गई। मोबाइल भी तोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पेट्रोल पंप मालिक के खिलाफ केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।