एक दिन पहले दोस्तों के साथ घर से निकले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में शनिवार सुबह गांव के बाहर ट्यूबवेल के छप्पर के नीचे पड़ा मिला। घटना से गांव में सनसनी फैल गई। परिवारीजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना अंतर्गत शेखपुरा राजकुमारी गांव निवासी जंगबहादुर (20) शुक्रवार देर शाम गांव के ही कुछ दोस्तों के साथ घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा, तो परिवारीजनों को चिंता सताने लगी। उन्होंने जंगबहादुर की तलाश शुरू की, मगर उसका कुछ पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह गांव के कुछ लोग शौच के लिए खेत की तरफ गए, तो गांव के बाहर स्थित रवींद्र गौड़ के ट्यूबवेल के छप्पर के नीचे भूमि पर जंगबहादुर का शव पड़ा दिखा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ लग गई। सूचना पर रोते बिलखते परिवारीजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसी बीच एसओ जलालपुर शकुंतला उपाध्याय दल-बल के साथ मौके पर पहुंचीं।
मौका मुआयना करने के साथ ही उन्होंने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि, जंगबहादुर को नशे की लत थी। वह अक्सर दोस्तों के साथ कई-कई दिन गायब रहता था। एसओ ने बताया कि, मामले में परिवारीजनों की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है। छानबीन की जा रही है।