फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सिर कूंचकर युवक की हत्या

Thu, 02 Jun 2016 11:13 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
जलालपुर थाना अंतर्गत उसरहवा गांव में इसी स्थान पर हुई सोते समय युवक की हत्या। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
थाना क्षेत्र जलालपुर अंतर्गत उसरहा गांव में छप्परनुमा घर में चारपाई पर सो रहे एक युवक की नृशंस ढंग से हत्या कर दी गई। गले पर चाकू या किसी धारदार हथियार से रेते जाने के कई निशान पाए गए तो वहीं सर भी किसी बड़े पत्थर या भारी भरकम वस्तु से कूंचा गया प्रतीत हो रहा था। जानकारी होने पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन


घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। उसरहा गांव निवासी दीपचंद (22) पुत्र रामसेवक बुधवार देर शाम खाना खाने के बाद अपने मूल घर से कुछ दूरी पर स्थित छप्परनुमा घर में सोने चला गया। बताया जाता है कि वह प्रतिदिन वहीं सोया करता था।

देर रात लगभग 12 बजे उसका पड़ोसी एक दिव्यांग को लघुशंका कराने के लिए उठा। पड़ोसी ने दीपचंद को भी इस दौरान आवाज दी। जब कोई जवाब नहीं आया तो वह उसकी चारपाई के निकट पहुंचा। वहां का दृश्य देखकर वह सन्न रह गया। दीपचंद का सिर बुरी तरह कूंचा हुआ था और हाथ व गर्दन से खून निकल रहा था।
विज्ञापन


पड़ोसी की गुहार पर परिवारीजन व अन्य ग्रामीण भी मौके पर जुट गए। घटना से मौके पर सनसनी फैल गई। परिवारीजन ग्रामीणों की मदद से आननफानन में उसे लेकर एक निजी चिकित्सक के यहां गए जहां युवक को मृत घोषित कर दिया गया। इस बीच सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।

चारपाई से कुछ ही दूरी पर उसका मोबाइल पड़ा हुआ मिला जिसे पुलिस ने अपनी अभिरक्षा में ले लिया। बाद में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ एनके पांडेय ने बताया कि मृतक के पिता रामसेवक की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।

बताया कि उसके मोबाइल से छानबीन में यह जानकारी की जाएगी कि उसने किन लोगों से रात में बात की थी। उधर, घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। बताया जाता है कि दीपचंद का विवाह नहीं हुआ था। परिवार के सदस्य अपने मूल घर में ही सोते थे लेकिन वह घर से चंद कदम की दूरी पर स्थित छप्परनुमा घर में सोता था।

हालांकि घटना का कोई कारण परिवारीजनों की समझ में फिलहाल नहीं आ रहा है लेकिन चर्चा है कि घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला भी हो सकता है। पुलिस इस सिलसिले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी कर रही है लेकिन उसने अभी इसका खुलासा नहीं किया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें