गाय को नाले से निकालते हिंदूवादी संगठन के लोग
बुधवार रात दो बजे गोकशी के लिए रामपुर ले जाया जा रहा गोवंश से भरा ट्रक मोहल्ला महादेव नगर के नाले में पलट गया। इससे 11 गाय मर गईं। इससे लोगों को आक्रोश भड़क गया। उन्होंने क्लीनर की पिटाई कर दी जबकि दो लोग भाग निकले। पुलिस ने क्लीनर को बचाया तो भीड़ ने पथराव कर दिया। पुलिस जीप के शीशे टूट गए। एक दरोगा घायल हो गया। जेसीबी ने ट्रक को नाले से निकाला तो भीड़ ने उसे आग के हवाले कर दिया। बवाल होते देख रात में ही मरी गायों को दफनाने का कार्य किया गया।
उत्तर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला महादेव नगर नाले में बुधवार रात करीब दो बजे एक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। ट्रक में 23 गोवंश थे। इनमें से कुछ गोवंश ट्रक में फंसे रह गए तो कुछ नाले में जा गिरे। मौके पर 11 गाय मर गईं। लोगों ने जब नाले में फंसे गोवंश को देखा तो उनका आक्रोश भड़क गया। इस बीच ट्रक में सवार दो लोग भाग निकले जबकि एक युवक को भीड़ ने पकड़ लिया। उसकी धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंचे कोतवाल उत्तर ने युवक को बचाने का प्रयास किया तो भीड़ ने पथराव कर दिया। पथराव में चौकी प्रभारी नीरज मिश्रा सहित कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। जीप के शीशे टूट गए। इसके बाद तो कई थानों की पुलिस और पीएसी को बुला लिया। जेसीबी से ट्रक को नाले से बाहर निकाल कर सीधा किया तो भीड़ ने पुलिस की मौजूदगी में ही उसे फूंक दिया। बमुश्किल दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया। बवाल बढ़ने पर रात में ही दूसरे वाहन से मरी गायों को बैंदी गांव के समीप दफनाया गया जबकि घायल गायों का पशु चिकित्सक को बुलाकर इलाज कराया गया। भीड़ की गिरफ्त से छुड़ाए गए युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया। उसने अपना नाम सादाब पुत्र अब्दुल सलाम निवासी सहसवान कोटा मस्जिद के पास जिला बदायूं बताया है। सादाब ने बताया कि वह क्लीनर है। ट्रक चालक रशीद खां पुत्र रहीश निवासी टांडा रामपुर है जबकि तीसरे युवक को वह नहीं जानता। सादाब ने बताया कि गोवंशों को मुस्तफाबाद के जंगल से चोरी करके लाए थे। उन्हें रामपुर जाना था। गोवंश के मरने की जानकारी पर हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता पहुंच गए। उन्होंने नाले में फंसे गोवंश को बाहर निकाला। करीब चार बजे तक घटनाक्रम चलता रहा।