बसपा के कार्यकर्ता सम्मेलन के बाद टेंट से लोहे की पाइप उतारने के दौरान करंट से दो मजदूरों की मौत मामले में पुलिस ने प्रधान समेत दो के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया है। केस की विवेचना राजेसुल्तानपुर थाने के एक उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। गौरतलब है कि रविवार को आलापुर विधानसभा क्षेत्र के जमीन अहिरौली गांव में बसपा का कार्यकर्ता सम्मेलन था।
कार्यक्रम निपटने के बाद वहां लगे टेंट से लोहे की पाइप हटाने के दौरान टेंट हाउस के दो मजदूरों गढ़वल निवासी वीरेंद्र गौड़ (28) व संजय गौतम (30) की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने दोनों मजदूरों को तत्काल जहांगीरगंज सीएचसी पहुंचाया, जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
देर रात पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव सोमवार को परिवारीजनों को सौंप दिया गया। सपा विधायक भीमप्रसाद सोनकर, वरिष्ठ नेता योगेंद्रनाथ त्रिपाठी, पूर्व भाजपा विधायक त्रिवेणीराम, पूर्व जिपंस अनीता कमल, भाजयुमो जिलाध्यक्ष दिनेश पांडेय, रामप्रकाश गौतम व अरविंद उपाध्याय के अलावा कई अन्य नेताओं व गणमान्य नागरिकों ने दोनों मजदूरों के घर पहुंचकर शोक संवेदना जताई।
इस बीच राजेसुल्तानपुर पुलिस ने दिवंगत वीरेंद्र के पिता रामवृक्ष की तहरीर पर सम्मेलन के आयोजक मंडल के प्रमुख कर्ताधर्ता जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि व बसपा नेता जितेंद्र निषाद तथा ग्राम प्रधान व बसपा नेता जिलाजीत सिंह के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया।
प्रकरण की विवेचना थाने के उपनिरीक्षक एसएन सिंह को सौंपी गई है। एसओ ज्ञानेंद्र सिंह ने दो आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज होने की पुष्टि की है।