परिवारीजनों के खेत में काम करने के दौरान घर में किशोरी को अकेला पाकर मुंहबोले चाचा ने दुष्कर्म किया। साथ ही किसी को जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग खड़ा हुआ। बाद में घर पहुंचे परिवारीजनों को पीड़िता ने आपबीती सुनाई। इस पर परिवारीजन उसे लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देने के साथ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जबकि किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया। मामला जैतपुर थाना क्षेत्र का है। पुलिस को दी गई तहरीर के जरिये पीड़िता के पिता ने बताया है कि गत दिवस वे सभी खेत में काम करने चले गए। उस समय घर पर उसकी 15 वर्षीय पुत्री ही मौजूद थी।
इसी बीच नोनहर गांव निवासी हरिकेश (21) पुत्र जैतून जो किशोरी का मुंहबोला चाचा है, घर में घुस गया। वहां उसकी पुत्री को अकेला पाकर दुष्कर्म किया। किशोरी के विरोध करने पर डारा-धमकाकर शांत करा दिया।
इसके बाद परिवारीजनों या फिर पुलिस को बताने पर जान से मारने की धमकी देता हुआ वहां से भाग खड़ा हुआ। खेत से काम निपटाकर जब वे सभी घर पहुंचे तो किशोरी काफी डरी हुई मिली। काफी पूछने पर उसने पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
इस पर परिवारीजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी। एसओ परमानंद राम ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी हरिकेश के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे जेल भेज दिया गया।