इटली में दो ट्रेनें आमने-सामने भिड़ी
- फोटो : Twitter
ट्रेन हादसों के कारणों की बारीकी से जांच करने के लिए पुलिस के साथ-साथ एनआईए (नेशनल इन्वेस्टीगेशन एजेंसी) व आईबी (इंटेलीजेंस ब्यूरो) एजेंसियां भी सक्रिय हो गई हैं। इन एजेंसियों ने जीआरपी के साथ मिलकर संयुक्त रूप से जांच शुरू कर दी है। यह टीमें पिछले सालों में हुईं ट्रेन घटनाओं को फिर से खंगाल रही हैं। वहीं रेलवे इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए ड्रोन कैमरे से नजर रखने की भी तैयारी कर रहा है।
पुखरायां रेल हादसे में आईएसआई का हाथ होने के खुलासे के बाद पुलिस के अलावा सुरक्षा एजेंसियों ने भी सक्रियता दिखानी शुरू कर दी है। एनआईए व आईबी जैसी एजेंसियों के अफसर जीआरपी के अफसरों से सीधे संपर्क में हैं। यह इनके साथ संयुक्त रूप से काम भी कर रहे हैं।
यह टीमें पिछले सालों में हुए रेल हादसों की बारीकी से जांच कर रही हैं। वहीं सुरक्षा को देखते हुए रेलवे ने भी ड्रोन कैमरे से ट्रैकों की निगरानी करने पर काम शुरू किया है। जीआरपी एसओ सीपी सिंह ने बताया कि उनकी एनआईए के एडिशनल एसपी डीआर सिंह से लगातार बातचीत चल रही है। हम लोग एक दूसरे के संपर्क में हैं। इन घटनाओं के कारणों की तह तक पहुंचने का काम किया जा रहा है। टीमें जीआरपी उन्नाव के अलावा रायबरेली, हरदोई, सीतापुर व लखीमपुर खीरी के अफसरों के साथ भी संपर्क में हैं।