थाना क्षेत्र अंतर्गत चकबेलवा गांव में सोमवार रात ट्यूबवेल पर सो रहे एक युवक की फावड़े से गला काटकर हत्या कर दी गई। गरदन के साथ ही उसके सीने पर भी फावड़े से वार के दो-तीन निशान पाए गए। घटना से परिवारीजनों में कोहराम मचा हुआ है। युवक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या का केस दर्ज छानबीन शुरू कर दी है।
चकबेलवा गांव निवासी शशि प्रकाश उर्फ बब्लू वर्मा (23) पुत्र विजय नरायन सोमवार देर शाम घर से लगभग 200 मीटर दूर तेंदुआईकला गांव स्थित गन्ने के खेत की सिंचाई के लिए घर से निकला। वह अक्सर बगल स्थित अपने ट्यूबवेल पर ही सो जाया करता था।
सोमवार को भी खाना खाने के बाद वह ट्यूबवेल पर गया और सिंचाई के बाद वहीं चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सो गया। इसी बीच देर रात बब्लू के पिता विजयनरायन लघु शंका को उठे। उनकी निगाह ट्यूबवेल की तरफ गई तो वहां टार्च की रोशनी दिखाई दी। उन्हेें लगा कि खेत में कोई जानवर आ गया है जिसे भगाने के लिए ही बब्लू उठा है।
उसकी मदद के लिए वह भी ट्यूबवेल पर पहुंच गए। वहां पहुंचने पर मौके का दृश्य देखकर वह सन्न रह गए। बब्लू का क्षत-विक्षत शव चारपाई पर पड़ा हुआ था। गर्दन व सीने से खून निकल रहा था। चारपाई के निकट ही खून से सना वह फावड़ा भी पड़ा हुआ था जिसका प्रयोग बब्लू सिंचाई के दौरान किया करता था। अन्य परिवारीजन भी रोते-पीटते वहां पहुंच गए।
इसी बीच जानकारी मिलने पर एसओ संदीप सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रात में ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ ने बताया कि युवक की फावड़े से प्रहार कर हत्या की गई है। एक वार गर्दन पर है जबकि दो वार के निशान सीने पर पाए गए हैं।
बताया कि पिता विजय नरायन की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। हत्या के कारण की स्पष्ट जानकारी नहीं हो सकी है। उधर, सूत्रों के अनुसार दो दिन पहले बब्लू का किसी बात को लेकर गांव के ही एक युवक से विवाद हुआ था। पुलिस उस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
हालांकि पुलिस ने किसी को हिरासत में लिए जाने से इंकार किया है। घटना को लेकर परिवारीजन हतप्रभ हैं। दरअसल किसी को भी यह समझ में नहीं आ रहा कि यह घटना कैसे व किन परिस्थितियों में हो गई। युवक के पिता से लेकर अन्य लोग किसी से अपनी रंजिश भी नहीं बता सके। तीन भाइयों में बब्लू सबसे बड़ा था।
उसका भी विवाह नहीं हुआ था। एसपी पीयूष श्रीवास्तव ने घटनास्थल का जायजा लिया। वे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और परिवारीजनों से मुलाकात कर उन्हें भरोसा दिलाया कि घटना में शामिल लोगों का पता लगाकर उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी तय की जाएगी। बताया कि इसके लिए संबंधित थाने की टीम के अलावा स्वाट टीम को भी लगाया जा रहा है।