महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर हो रहे निर्माण कार्यों में ठेकेदारी के वर्चस्व को लेकर दबंगों की ओर से आये दिन निर्माण एजेंसी के कर्मचारियों के साथ अभद्रता व मारपीट की घटनाएं सामने आ रही हैं।
सोमवार को भी एक ठेकेदार ने कार्यदायी संस्था जैन इन्फ्रा के कार्यालय में पहुंचकर न सिर्फ जमकर हंगामा किया, बल्कि इकाई प्रभारी को जान से मारने की धमकी दी। इकाई प्रभारी की तहरीर पर ठेकेदार के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में इकाई प्रभारी दिलीप सिंह ने कहा कि सोमवार सुबह 11 बजे ठकेदार राकेश यादव निवासी टांडा अपने साथियों के साथ उनके कार्यालय पहुंचे। यहां उनके साथ आए लोगों ने हंगामा करने के साथ कार्यालय में तोड़फोड़ भी शुरू कर दी। जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो उन लोगों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
केदार ने उनसे उनके अनुसार कार्य नहीं देने पर गंभीर खामियाजा भुगतने की धमकी दी। करीब छह घंटे तक ठेकेदार और उनके साथी कार्यालय पर ही जमे रहे और उन्हें कहीं नहीं जाने दिया। साढ़े 4 बजे के आसपास जब ठेकेदार अपने साथियों के साथ कार्यालय से चला गया तो उन्होंने इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को दी।
इकाई प्रभारी ने अलीगंज थाने पर इस बाबत तहरीर दी है जिसके आधार पर ठेकेदार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एसओ अलीगंज ने बताया कि तहरीर के आधार पर राकेश के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है।