जांच कर रहे अधिकारियों के मुताबिक नकली नोटों के तार शिमला से जुडे़ हैं।
- फोटो : अमर उजाला
खाड़ी देश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक जालसाज ने तीन युवकों से 2.85 लाख रुपये ठग लिए। जालसाज ने युवकों को टूरिस्ट वीजा पर दुबई भेज दिया। वहां पहुंचने पर युवकों को जब बताया गया कि उनका वीजा नौकरी का नहीं, बल्कि टूरिस्ट है, तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई। इस मामले में पीड़ितों ने धानेपुर थाने में जालसाज के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
धानेपुर थाना क्षेत्र के हनुमान नगर माधवगंज के रहने वाले विनीत लोहिया, पूरब गली धानेपुर के दीपक कुमार लोहिया व यहीं के विजय कुमार गुप्ता ने बताया कि पूरब गली निवासी एक व्यक्ति बीते दिसंबर में उनसे मिला और बताया कि दुबई में उसकी लोगों से पहचान है। वह उन्हें दुबई के शॉपिंग माल में अच्छी तनख्वाह पर नौकरी दिला देगा। इसके लिए उसने तीनों से 80-80 हजार रुपये वीजा के लिए मांगे।
इसके साथ ही अलग से खर्च के लिए तीनों युवकों से 15-15 हजार रुपये की मांग की। पीड़ित युवकों ने बताया कि बीती 12 मार्च को तीनों लोगों ने उसे वीजा व खर्च के रुपये दे दिए। इसके बाद 14 मार्च को जालसाज ने तीनों को दुबई भेज दिया। पीड़ितों के मुताबिक जब वह दुबई पहुंच गए तो उन्हें पता चला कि जो वीजा उन्हें दिया गया, वह टूरिस्ट वीजा है, तब उन्हें ठगी की जानकारी हुई।
इसके बाद तीनों युवकों को बिना नौकरी के नौ अप्रैल को दुबई से लौटना पड़ा। इस मामले में तीनों युवकों ने थाना धानेपुर में जालसाज के खिलाफ तहरीर दी है। थानाध्यक्ष रामाश्रय राय ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।