फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चालक को गोली मारकर लूटी स्कॉर्पियो

Tue, 15 Mar 2016 10:37 PM IST
अमर उजाला ब्यूरो/अंबेडकरनगर
विज्ञापन
विज्ञापन
नवविवाहिता की विदाई कराने के नाम पर स्काॅर्पियो गाड़ी बुक कराकर आजमगढ़ ले गए कुछ बदमाशों ने चालक को हाथ-पैर बांधकर खेत में फेंका और गोली मारकर गाड़ी लूट ले गए।
विज्ञापन


गंभीर रूप से घायल चालक ने किसी किसी तरह स्थानीय पुलिस व वाहन स्वामी को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने उसे आजमगढ़ जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पुलिस ने पूछताछ करने के बाद केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।

जलालपुर थाना अंतर्गत रन्नू खां का पूरा निवासी एजाज पुत्र अजीज बुकिंग पर स्काॅर्पियो गाड़ी चलवाते हैं। एजाज के गांव का रहने वाला कैफी उनका वाहन चलाता है। सोमवार सुबह कैफी गांव से वाहन लेकर जलालपुर नगर की ओर जा रहा था।
विज्ञापन


गांव से कुछ दूर आगे जाते ही सड़क किनारे खड़े तीन लोगों ने उसे रोक लिया। उनमें से एक ने कहा कि हाल ही में उसकी बहन का विवाह आजमगढ़ जनपद में हुआ है। उसकी विदाई के लिए वह वाहन बुक कराना चाहता है।

कैफी के अनुसार भाड़े आदि की बातचीत पक्की होने के बाद उन लोगों ने शाम पांच बजे उसे साहबतारा मोहल्ले में बुलाया और अपना फोन नंबर भी दिया। निर्धारित समय पर जब कैफी साहबतारा मोहल्ले में पहुंचा, तो वहां कोई नहीं था।

इस पर जब उसने फोन किया, तो उसे जमालपुर चौराहे पर बुलाया गया। वहां पहुंचा तो पहले से ही तीनों व्यक्ति मौजूद थे। वे उसके वाहन पर बैठ गए। आजमगढ़ जनपद के अतरौलिया में उन लोगों ने चाय पी और फिर आगे बढ़ गए। बूढ़नपुर में उनका एक और साथी वाहन पर बैठ गया।

वहां से कप्तानगंज होते हुए जब सरायमीर की ओर चलने को कहा तो कैफी ने इसका विरोध किया। कहा कि, आजमगढ़ जाने की बजाय सरायमीर क्यों चल रहे हो। इस पर उन लोगों ने बहाना किया और आगे चलने के लिए कहा।

फरिया मार्ग पर एक सुनसान स्थान पर लघुशंका के लिए वाहन रुकवाया। जैसे ही कैफी ने वाहन रोका उनमें से एक बदमाश ने उसके हाथ में गोली मार दी। इसके बाद उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए उसे उठाकर सड़क किनारे गेहूं के खेत में फेंक दिया।

इसके बाद चारों लोग स्काॅर्पियो लेकर भाग गए। कैफी पूरी रात खेत में बेहोश पड़ा रहा। सुबह आंख खुली तो किसी प्रकार वह मुख्य मार्ग पर पहुंचा और वहां मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी खंजहा चौकी पुलिस को दी।

साथ ही वाहन स्वामी को भी मामले की खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कैफी को स्थानीय सीएचसी में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया।

एसपी आजमगढ़ ने अस्पताल पहुंचकर कैफी से पूछताछ की। साथ ही पुलिस को घटना का पर्दाफाश करने के निर्देश दिए। रानीसराय पुलिस ने चालक की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

इस बीच घटना की सूचना मिलने के बाद जलालपुर क्षेत्र के व्यापारियों व अन्य लोगों में इसी को लेकर चर्चा हो रही है। दरअसल सर्किल क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। कई घटनाओं का पर्दाफाश भी नहीं हो पाया है। इसके चलते ही बदमाशों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
विज्ञापन


उधर, सीओ जलालपुर ओंकार सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन घटना को आजमगढ़ क्षेत्र में अंजाम दिया गया है। वहीं की पुलिस छानबीन कर रही है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें