थाना क्षेत्र हंसवर अंतर्गत सुनहन गांव के पास शनिवार देर रात लाठी-डंडे से लैस युवकों ने लखनऊ से रामनगर जा रही निजी बस को रोक लिया और बस में जमकर तोड़फोड़ की। युवकों ने चालक व क्लीनर की जमकर पिटाई की और चालक की जेब से 5 हजार रुपये लूट लिए।
शोर सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचते, तब तक युवक जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग खड़े हुए। सूचना पर पुलिस ने युवकों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली। पुलिस ने घायल चालक व क्लीनर को मेडिकल के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराकर छानबीन शुरू कर दी।
बाद में बस मालिक की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात लगभग 11 बजे लखनऊ से रामनगर जाने वाले बस टांडा पहुंची। यहां सभी यात्री उतर गए। एक युवक यहां से बस पर सवार हुआ।
लगभग साढ़े 11 बजे जब बस हंसवर थाना अंतर्गत सुनहन गांव के पास पहुंची तो युवक ने बस रुकवा लिया। इससे पहले कि चालक व क्लीनर कुछ समझा पाते, वहां पहले से 4 बाइक पर मौजूद 12 अन्य युवक भी लाठी-डंडे से लैस होकर बस पर चढ़ गए। आरोप है कि बदमाशों ने बस में तोड़फोड़ शुरू कर दी।
साथ ही अभद्रता करते हुए चालक सुरेंद्र 24 पुत्र रामजियावन निवासी रामनगर थाना आलापुर व क्लीनर प्रभाकर 26 पुत्र जगदीश निवासी रहीमपुर थाना महाराजगंज जनपद फैजाबाद की पिटाई शुरू कर दी। शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े।
लोगों को आता देख बदमाश दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए चालक की जेब में रखा लगभग 5 हजार रुपये लूटकर वहां से भाग खड़े हुए। इस बीच सूचना मिलने पर एसओ हंसवर धु्रवचंद दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और बदमाशों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
पुलिस ने दोनों घायलों को मेडिकल परीक्षण में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। बाद में बस मालिक फैजाबाद जनपद के पुरा बाजार निवासी रिंकू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने जसवंत मिश्र, जयन मिश्र, भुलई मिश्र के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बस चलवाने के नंबर को लेकर कुछ विवाद हुआ था।