हंसिया लगने से घायल दरोगा सुशील कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
बसरेहर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम टीकूपूरा के पास शनिवार रात वारदात की फिराक में बैठे बदमाशों ने बसरेहर थाना पुलिस पर फायरिंग कर दी। इस बीच भाग रहे एक बदमाश ने दरोगा को हंसिया मार कर घायल कर दिया। दरोगा की दो अंगुलियों में चोट आई है। आरोपी को पकड़ लिया गया है जबकि उसका साथी फरार हो गया।
शनिवार रात मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि ग्राम टीकूपूरा में रोड के बाएं तरफ ताड़ के पेड़ों के पास कुछ बदमाश असलहों के साथ वारदात करने की फिराक में बैठे हैं। एसओ बिजेंद्र सिंह, सुशील कुमार द्विवेदी, भाऊराम ने फोर्स समेत मौके पर जाकर दबिश दी। वहां ताड़ के पेड़ के नीचे दो लोग बैठे दिखे। पुलिस को देखकर एक बदमाश फायरिंग कर भागने लगा। दूसरे बदमाश का दरोगा सुशील कुमार ने पीछा किया तो उसने हंसिया से उन पर हमला कर दिया। जिसमें दरोगा सुशील कुमार की हथेली और अंगुलियां चोटिल हो गईं। पुलिस ने उसे दबोच लिया। आरोपी ने अपना नाम राम वकील उफ़ॱर वकील पुत्र नेत्रपाल सिंह यादव बताया है। उसके फरार साथी का नाम रत्नेश शाक्य पुत्र श्यामलाल शाक्य है। थानाध्यक्ष ने बताया कि राम वकील शातिर अपराधी है। बसरेहर थाने से हिस्ट्रीशीटर भी है। उसका आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। रत्नेश बसरेहर थाने का वांछित अपराधी है। उसको भी जल्द पकड़ कर जेल भेजा जाएगा। रामवकील के पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।