आलापुर (अंबेडकरनगर)। एसएन इंटर कॉलेज इंदईपुर में शनिवार को छात्रों व शिक्षकों के बीच दो अलग-अलग चक्रों में मारपीट होने से अफरातफरी मची रही। विद्यालय के बाहर से लेकर परिसर के अंदर तक घंटों हंगामे का माहौल होने से विद्यालय में अवकाश घोषित करना पड़ा। मामले में एक शिक्षक की तहरीर पर तीन नामजद छात्रों तथा लगभग दस अज्ञात छात्रों के विरुद्ध पुलिस केस दर्ज कर लिया। छात्रों ने भी एफआईआर दर्ज करने के लिए तहरीर दी, लेकिन केस दर्ज नहीं हुआ। छात्रों ने इस पर विद्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया। चेतावनी दी कि यदि उनकी तरफ से भी केस दर्ज नहीं हुआ, तो 24 घंटे बाद चक्काजाम करेंगे।
आलापुर तहसील अंतर्गत एसएन इंटर कॉलेज इंदईपुर में शनिवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया, जब कुछ छात्रों ने तीन शिक्षकों की पिटाई कर दी। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। कुछ अध्यापकों ने मौके पर पहुंचकर बीचबचाव कर मामला शांत कराया। मारपीट में एक शिक्षक जफर आलम को चोटें भी आईं। शिक्षकों की पिटाई की सूचना मिलते ही साथी शिक्षक एकजुट हो गए। कुछ देर बाद शिक्षकों ने छात्रों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटना शुरू कर दिया। परिसर के अंदर दो चक्र में हुई मारपीट से हंगामे का माहौल उत्पन्न हो गया। हंगामा बढ़ता देख विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया गया। बाद में शिक्षक जफर आलम की तहरीर पर पुलिस ने तीन छात्र दयाराम, आकाश्या, हरिश्चंद्र के अलावा दस अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया।
इस बीच मारपीट में घायल छात्र अंकित ने केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इससे छात्रों में आक्रोश फैल गया। एकजुट छात्रों ने विद्यालय के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। चेतावनी दी कि यदि छात्र की तहरीर के आधार पर केस दर्ज नहीं किया गया, तो रविवार को विद्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन करते हुए चक्काजाम किया जाएगा। उधर आलापुर थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने शिक्षक जफर आलम की तहरीर पर तीन नामजद व दस अज्ञात के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। छात्रों की तरफ से किसी भी प्रकार की तहरीर मिलने से इनकार किया है। उधर प्रधानाचार्य शमीम अहमद ने बताया कि शनिवार को कुछ शिक्षकों व छात्रों के बीच किसी बात को विवाद हुुआ था। छात्रों की पिटाई जैसा कोई मामला नहीं है। हंगामा न बढ़ सके, इसके लिए ही शनिवार को अवकाश घोषित किया था।
एक दिन पहले भी हुआ था विवाद
शुक्रवार को ड्रेस जांच के दौरान अध्यापक जफर आलम ने कुछ छात्रों को ड्रेस में न आने के चलते कक्ष से बाहर कर दिया था। कुछ देर बाद दूसरे शिक्षक ने सभी छात्रों को कक्षा में वापस बुला लिया। इस पर जफर आलम ने एक बार फिर से कक्षा में पहुंचकर संबंधित छात्रों को बाहर निकाल दिया। इस पर छात्रों ने विरोध जताया, तो उनका शिक्षक से विवाद हो गया। आरोप है कि जफर ने कुछ छात्रों की पिटाई भी कर दी। इसके बाद संबंधित छात्रों को विद्यालय से ही बाहर कर दिया। इस मामले के बाद से ही छात्रों में आक्रोश फैल गया था, जिसका परिणाम शनिवार को सामने आया।