केदारनगर (अंबेडकरनगर)। इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत बैरमपुर गांव में दो बाइक पर सवार पांच बदमाशों ने टेंट हाउस मालिक पर फायर झोंक दिया। यह संयोग ही रहा कि वह बाल-बाल बच गया। बताया जाता है कि वहां मौजूद उसके भाई ने बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो उसके सिर पर पिस्टल की बट से हमला कर घायल कर दिया। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े हुए। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उधर पुलिस ने घायल के भाई की तहरीर पर पांच के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारण की जानकारी पुलिस को नहीं हो सकी है।
इब्राहिमपुर थाना अंतर्गत बैरमपुर निवासी श्रवण कुमार व लवकुश पुत्रगण राजेंद्र की बैरमपुर बाजार में टेंट हाउस की दुकान है। प्रतिदिन की तरह गुरुवार को दोनों दुकान पर बैठे हुए थे। बताया जाता है कि किसी कार्य से लवकुश दुकान के बाहर निकला। इसी बीच दो बाइक पर सवार पांच युवक वहां पहुंचे। एक युवक ने लवकुश पर पिस्टल से फायर झोंक दिया। यह संयोग ही था कि गोली लवकुश को नहीं लगी। इसी बीच दुकान पर बैठे उसके बड़े भाई श्रवण कुमार (28) ने एक बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया। इस पर बदमाश ने पिस्टल की बट से उसके सिर पर वार कर दिया। इससे श्रवण घायल हो गया और जमीन पर गिर पड़ा।
गुहार पर जब तक इर्दगिर्द से लोग मौके पर पहुंचते, तब तक बदमाश हवा में असलहा लहराते हुए जान से मारने की धमकी देते हुए भाग खड़े। कुछ ग्रामीणों ने बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस बीच सूचना पर इब्राहिमपुर पुलिस मौके पर पहुंची। बदमाशों की घेराबंदी की, लेकिन तब तक बदमाश पुलिस पकड़ से काफी दूर हो चुके थे। उधर घायल श्रवण को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बाद में लवकुश की तहरीर पर पुलिस ने बैरमपुर गांव निवासी सुधांशु समेत पांच लोगों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। एसओ जितेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर छानबीन की जा रही है। घटना के पीछे का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।