आलापुर (अंबेडकरनगर)। थाना क्षेत्र अंतर्गत रामनगर विकास खंड कार्यालय गेट के सामने मंगलवार को दिनदहाड़े दो बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने असलहे के बल पर युवक का अपहरण करने का प्रयास किया। इस दुस्साहसिक घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई।
पीड़ित युवक की गुहार पर जुटे आसपास के लोगों ने साहस का परिचय देते हुए बदमाशों को चारों तरफ से घेर लिया। साथ ही तीनों को पकड़कर उनके चंगुल से युवक को छुड़ाया। इस दौरान लोगों ने बदमाशों की जमकर पिटाई भी कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस पीड़ित युवक के साथ ही तीनों आरोपियों को भी थाने ले आई। इस मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।
आलापुर थाना क्षेत्र के महेशपुर मंडप निवासी अमित पुत्र रामचंद्र मंगलवार को अपराह्न रामनगर विकास खंड कार्यालय के पास खड़ा था। इसी बीच दो बाइकों पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने अपना चेहरा गमछे से छिपा रखा था। इससे पहले कि अमित कुछ समझ पाता, दो बदमाश उसके पास पहुंचे।
आरोप है कि एक बदमाश ने उस पर असलहा तान दिया, जबकि दूसरा उसे घसीटकर बाइक पर बैठाने लगा। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी। दिनदहाड़े असलहे के बल पर युवक का अपहरण किए जाने से मौके पर हड़कंप मच गया। इस बीच युवक ने शोर मचा दिया। इस पर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए।
लोगों ने घेराबंदी कर तीनों बदमाशों को पकड़ कर उनके चंगुल से अमित को छुड़ाया। बताया जाता है कि लोगों ने बदमाशों की जमकर पिटाई भी की। मामले की जानकारी होने पर आलापुर थाना प्रभारी राहुल कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों बदमाशों समेत अमित को अभिरक्षा में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
इंसेट
किशोरी के अपहरण का आरोपी निकला युवक
बताया जाता है कि अमित पर आलापुर थाना अंतर्गत 17 वर्षीय लड़की के अपहरण का आरोप है। किशोरी के परिवारीजनों का अमित पर शुरू से ही शक था कि उसी ने किशोरी का अपहरण किया है। मंगलवार को अमित के अपहरण की घटना के बाद पुलिस तीनों बदमाशों व अमित को लेकर थाने आई।
यहां बदमाशों ने आरोप लगाया कि अमित ने ही किशोरी का अपहरण किया है। पूछताछ में अमित ने स्वीकार किया कि उसने ही किशोरी को भगाया है। इस समय वह मिर्जापुर में है। एसओ राहुल कुमार ने बताया कि पुलिस टीम अमित व तीनों अपहरणकर्ताओं को लेकर किशोरी को पकड़ने के लिए मिर्जापुर रवाना हो गई है। किशोरी के मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अमित के अपहरण में असलहे के प्रयोग से इन्कार किया है।