इल्तिफातगंज (अंबेडकरनगर)। इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के हसनपुर गांव में भूमि विवाद में सोमवार को दो पक्षों में मारपीट के दौरान एक महिला को आग के ढेर मेें फेंक दिया। जब तक उसे आग से बाहर निकाला जाता, तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई। गंभीरावस्था में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मामले में छानबीन शुरू कर दी है।
हसनपुर गांव निवासी एक महिला (45) का गांव में एक भूखंड को लेकर लंबे समय से अकबरपुर थाना अंतर्गत जमुनीपुर गांव निवासिनी महिला से विवाद चला आ रहा था। मामला न्यायालय पहुंचा। जमुनीपुर की महिला के मुताबिक गत दिवस ही न्यायालय ने उसके पक्ष में निर्णय सुनाया। सोमवार को वह संबंधित भूखंड की साफ सफाई करा रही थी। उसने कूड़ा करकट के ढेर में आग लगाया। इसी बीच हसनपुर की महिला वहां पहुंच गई। उसने संबंधित भूखंड को अपना बताया और अवैध कब्जा न करने की हिदायत दी। इसे लेकर दोनों में विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। आरोप है कि मारपीट के दौरान जमुनीपुर की महिला ने दूसरी महिला को धक्का दे दिया, जिससे वह जलते हुए कूड़े के ढेर में गिर गई।
इर्दगिर्द मौजूद ग्रामीण ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित महिला को आग के बाहर निकाला, लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। इससे पहले घटना की जानकारी होने पर एएसपी ओपी सिंह ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित महिला व उसके परिवारीजनों से पूछताछ की। एसओ अरविंद पांडेय ने बताया कि घटना की जानकारी है, लेकिन अभी तहरीर नहीं मिली है। छानबीन की जा रही है।