पुलिस कर्मियों पर ग्रामीणों ने किया हमला, छह लोग हिरासत में
भीटी। क्षेत्र के एक गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट की सूचना पर पहुंचे यूपी 100 के पुलिसकर्मियों पर एक पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। एक हेड कांस्टेबल की पिटाई की सूचना पर अधिकारियों ने कई थानों की पुलिस व पीएसी के साथ सीओ और एसडीएम को मौके पर भेजा।
पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को हिरासत में ले लिया है। मारपीट में दोनों पक्षों के आठ लोग घायल हुए जिनमें एक महिला की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यह घटना भीटी थानान्तर्गत दिलावलपुर में हुई। शुक्रवार सुबह गांव के राजाराम वर्मा व दिनेश शर्मा के बीच विवाद हो गया। इस पर दोनों पक्षों के लोगों ने लाठी-डंडे से एक-दूसरे पर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों ने समझाकर झगड़ा शांत कराया। मारपीट में एक पक्ष के राजाराम, रामचरित्र, राम अवतार व इंदू वर्मा और दूसरे पक्ष से राज कुमारी, दिनेश, शैलेंद्र व कंचन को चोटें आईं। ग्रामीणों की सूचना पर यूपी 100 के पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंच गए। हेड कांस्टेबल प्रोन्नत वेतनमान प्रदीप श्रीवास्तव व अन्य पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को बुलाकर जानकारी हासिल करनी चाही।
आरोप है कि दिनेश शर्मा पक्ष के एक व्यक्ति ने हेडकांस्टेबल पर घूस लेने व उत्पीड़न करने का आरोप लगाते हुए मोबाइल से वीडियो बनाना शुरू कर दिया। पुलिस कर्मियों ने उसे फटकारा तो दिनेश शर्मा पक्ष के लोगों ने हेड कांस्टेबल को घेरकर हाथापाई शुरू कर दी। ग्रामीणों का उग्र रूप देख पुलिसकर्मी सन्न रह गए। सूचना भीटी थाने के साथ पुलिस अधीक्षक को दी।
एसपी संतोष कुमार मिश्र के निर्देश पर भीटी, महरुआ, अहिरौली, बेवाना थानों की पुलिस और पीएसी गांव पहुंच गई। कुछ देर में गांव छावनी में तब्दील हो गया। एसडीएम भीटी हरीराम व सीओ अमरबहादुर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में किया। मारपीट में चोटिल आठ लोगों को मेडिकल के लिए सीएचसी भीटी भेजा गया जहां हालत गंभीर होने पर उनमें कंचन को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसके साथ ही पुलिस ने एक पक्ष के राजाराम, बदामा व गंगाराम और दूसरे पक्ष से महेश, दिनेश व सर्वेश को हिरासत में ले लिया है।
केस दर्ज कर होगी कार्रवाई
दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर पुलिस टीम गई थी। राजकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के साथ पुलिसकर्मियों से दुर्व्यवहार किया गया था। इस पर पुलिस की तरफ से केस दर्ज कराया जा रहा है। जिन दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, उनकी तरफ से भी अलग अलग केस दर्ज किए जा रहे हैं। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
ओपी सिंह, एएसपी