मुठभेड़ में पांच बदमाश दबोचे
अंबेडकरनगर। जनपद पुलिस ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान लुटेरों के अंतर जनपदीय गैंग के पांच बदमाशों को गिरफ्तारी किया है। इन बदमाशों के पास से चोरी की दो बाइक, 20 हजार रुपये कैश, तीन तमंचे, कारतूस, दो चाकू, दो मोबाइल फोन आदि सामान बरामद हुआ है। एसपी ने पुलिस टीम को पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया है।
टांडा कोतवाल बृजेश मिश्र व स्वॉट टीम प्रभारी संजय सिंह बुधवार रात गश्त पर निकले थे। बेलहरिया रोड पर गौरागूजर चौराहे के पास पुलिस टीम ने कुछ बदमाशों की घेराबंदी की। इस पर बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिसकर्मियों ने खुद को हमले से बचाते हुए तीन बदमाशों को दबोच लिया। इसके बाद मुखबिर की सूचना पर बसोहरी के पास छापेमारी कर दो और बदमाशों को चोरी की बाइक के साथ पुलिस ने दबोच लिया। पकड़े गए बदमाश जलालपुर के गयासपुर निवासी वैभव सिंह उर्फ विक्की, बसखारी किछौछा निवासी हरिओम विश्वकर्मा, मुख्तारनगर निवासी दीपक, सम्मनपुर के मोहनपुर निवासी कमलेश व अलीगंज ममरेजपुर निवासी रुदल उर्फ इंद्रजीत हैं। पुलिस के मुताबिक, इन बदमाशों के पास से तीन तमंचे, कई कारतूस, दो बाइक, 18890 रुपये नकद, दो चाकू, चोरी के दो मोबाइल फोन आदि सामान बरामद हुआ है।
एसपी सुधीर सिंह ने बताया कि, पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में कबूला है कि, वे शराब ठेकों की रेकी करके लूट की वारदात अंजाम देते थे। जिले में कई घटनाओं के अलावा आजमगढ़ में भी लूट व चोरी की कई वारदातें की हैं। इन सभी के विरुद्ध अलग-अलग थानों में चोरी, लूट आदि के कई मुकदमे भी दर्ज हैं। अंतर जनपदीय गैंग के बदमाशों की गिरफ्तारी करने वाले टांडा कोतवाल बृजेश मिश्र, स्वाट टीम प्रभारी संजय सिंह, सिपाही प्रदीप सिंह, प्रभात मौर्या, पुनीत गुप्त, अबू हमजा, सुनील कुमार, उमेश यादव, रवि सिंह, जितेंद्र गौड़, विकास ओझा, हरिकेश कुमार, तनवीर खां, भरत शर्मा व अजय कुमार को एसपी ने पांच हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया है।