विदेश भेजने के नाम पर तीन युवकों से ठगे पौने दो लाख
अंबेडकरनगर। विदेश भेजने के नाम पर तीन युवकों से लगभग पौने दो लाख रुपये की ठगी का मामला सामने में आया है। शिकायत के बाद पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस से की गई शिकायत के अनुसार अकबरपुर थाना अंतर्गत इमामबाग निवासी मोहम्मद जीलानी ने कहा कि लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व शहजादपुर कोल्ड स्टोरेज के पीछे रह रहे एक युवक से उसकी मुलाकात हुई। उसने अपना नाम सिराज बताया था। उसने यह भी बताया था कि वह लोगों को नौकरी के लिए विदेश भेजता है। उसे भी विदेश भेजने की बात की। इसके लिए सिराज ने न सिर्फ उसका पासपोर्ट ले लिया बल्कि 75 हजार रुपये भी ले लिए। इमामबाग के ही मोहम्मद आजाद ने भी पुलिस को बताया कि उसकी लगभग एक वर्ष पहले सिराज से मुलाकात हुई। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर पासपोर्ट के साथ 31 हजार रुपये। बताया कि उसके मित्र जलालपुर के बड़ेपुर गांव निवासी नूरमोहम्मद ने भी विदेश में नौकरी के लिए सिराज को पासपोर्ट व 68 हजार रुपये दिए। इसके बाद से वह लगातार सिराज से वीजा दिए जाने की मांग कर रहे थे लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जा रहा था। बुधवार को तीनों ने एक साथ सिराज से मिलकर अपनी रकम वापस मांगी तो उसने देने से इंकार कर दिया। इस पर पीड़ितों ने थाना जाकर पुलिस को ठगी किए जाने की शिकायत की। पुलिस ने सिराज को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसओ वकील सिंह यादव ने बताया कि मामले में पूछताछ की जा रही है।