बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे बुजुर्ग से बाइक सवार सशस्त्र बदमाशों ने मंगलवार को दिनदहाड़े 11 हजार रुपये लूट लिए और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने घेराबंदी का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
जानकारी के मुताबिक जैतपुर थानाक्षेत्र के दुधईपुर निवासी किसान विश्वनाथ मौर्य (60) वर्ष मंगलवार सुबह पैसा निकालने के लिए बैंक ऑफ बड़ौदा की रफीगंज शाखा आए हुए थे। यहां से उन्होंने 11 हजार रुपये निकाले और उसे जेब में रखकर साइकिल से घर के लिए निकल पड़े।
बताया जाता है कि जब वे नहर पटरी से होकर जलालपुर थाना क्षेत्र के चितईपट्टी गांव के निकट पहुंचे, तभी एक बाइक पर सवार तीन बदमाश पीछे से पहुंच गए। उन्होंने उनको रोका और उन पर असलहा तान दिया।
विरोध पर जान से मार देने की धमकी देते हुए पलक झपकते ही बदमाशों ने उनके पास मौजूद 11 हजार रुपये छीन लिए और मुंडेहरा की तरफ भाग गए। बुजुर्ग ने बताया कि बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था, जबकि दो अन्य बदमाशों ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था। पीड़ित ने वारदात की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही जलालपुर पुलिस मौके पर पहुंची और बदमाशों की घेराबंदी का प्रयास किया। हालांकि उसे इसमें सफलता नहीं मिली। प्रभारी थानाध्यक्ष पवन सोनकर ने बताया कि वारदात हुई है। केस दर्ज कर कार्रवाई सुनिश्चित होगी। बदमाशों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।