पयागीपुर के ट्रांसपोर्टनगर में निर्माणाधीन निरीक्षण भवन।
सुल्तानपुर। पयागीपुर के पास ट्रांसपोर्टनगर में निरीक्षण भवन के निर्माण पर कोर्ट ने ब्रेक लगा दिया है। स्थगन आदेश के बाद कार्यदायी संस्था को कार्य रोकना पड़ा। कोर्ट की रोक के बाद निरीक्षण भवन के निर्माण का मामला अटक गया है। प्रशासन के प्रस्ताव पर शासन ने अतिथियों के ठहरने के लिए करीब 17 करोड़ रुपये से निरीक्षण भवन के निर्माण की स्वीकृति दी थी।
इसके लिए लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के किनारे ट्रांसपोर्टनगर में राजस्व विभाग ने जमीन उपलब्ध कराई थी। इसी जमीन पर लोक निर्माण विभाग खंड अयोध्या की ओर से कार्य कराया जा रहा है। पयागीपुर निवासी दीपक मिश्रा ने बताया कि जिस जमीन पर निरीक्षण भवन का निर्माण कराया जा रहा है, वह जमीन उनके परिवार की है।
इसका केस पहले से ही हाईकोर्ट में चल रहा है। खातेदारों की सहमति लिए बिना ही जमीन पर निरीक्षण भवन का निर्माण कराया जा रहा था। कोर्ट की ओर से जारी नोटिस कार्यदायी संस्था व राजस्व विभाग को उपलब्ध करा दिया गया है। पीडब्ल्यूडी अयोध्या निर्माण शाखा के अधिशासी अभियंता उमेश चंद्रा ने बताया कि निर्माण रोक दिया गया है।