अंबेडकरनगर। जिला अस्पताल में सीटी स्कैन, अल्ट्रासाउंड व एक्स-रे जैसी जांच करानी है, तो इससे पहले कोरोना की जांच कराना जरूरी है। बगैर एंटीजन या फिर आरटीपीसीआर जांच के जिला अस्पताल में विभिन्न प्रकार की जांच मरीज नहीं करा सकेंगे। इसी का नतीजा है कि जिला अस्पताल में एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में नागरिक व मरीज पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को भी लगभग 65 नागरिकों व मरीजों ने जिला अस्पताल मेें एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कराई। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग पर भी विशेष ध्यान दिया गया।
कोरोना संकट को देखते हुए शासन के निर्देश पर जिला अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है। कोरोना को देखते हुए अब एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड व सीटी स्कैन की जांच कराने वालों को इससे पहले एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच करानी पड़ेगी। बीते दिनों शासन द्वारा जारी इस निर्देश का जिला अस्पताल में सख्ती से पालन कराया जा रहा है। उन्हीं मरीजों की एक्स-रे, सीटी स्कैन व अल्ट्रासाउंड जांच की जा रही है, जिन्होंने जांच से पहले कोरोना टेस्ट कराया है। यह सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा।
अल्ट्रासाउंड कराने पहुंचीं आदमपुर तिंदोली की रागिनी ने कहा कि वह पति के साथ जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड के लिए पहुंची थी। उसे नहीं पता था कि बगैर कोरोना जांच के उसकी जांच नहीं होगी। जब अल्ट्रासाउंड जांच का नंबर आया, तो उससे कोरोना जांच रिपोर्ट मांगी गई। ऐसे में उसे पहले कोरोना जांच करानी पड़ी। इसी प्रकार से कई अन्य मरीजों को जांच से पहले कोरोना टेस्ट कराना पड़ा। ऐसे मरीजों के साथ आए तीमारदारों ने कहा कि यह एक अच्छी बात है। इससे कोरोना पर अंकुश लग सकेगा।
सीएमएस डॉ. ओमप्रकाश ने बताया कि शुक्रवार को 65 नागरिकों व मरीजों ने एंटीजन व आरटीपीसीआर जांच कराई। इस बताया कि किसी भी प्रकार की जांच कराने से पहले मरीजों को कोरोना टेस्ट कराना जरूरी है।