अंबेडकरनगर। एक दिन पहले जिले के अतिरिक्त एसडीएम/ कलेक्ट्रेट के प्रभारी अधिकारी के कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद मंगलवार को लोहिया भवन में डीएम व एडीएम समेत कलेक्ट्रेट के कुल 101 अधिकारियों व कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। साथ ही सभी के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।
गौरतलब है कि एक दिन पहले कलेक्ट्रेट के प्रभारी अधिकारी व जिले के अतिरिक्त एसडीएम भरतलाल सरोज के कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। इसके बाद कलेक्ट्रेट स्थित संबंधित कार्यालय को सील कर सैनिटाइज किए जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई थी। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट के अधिकारियों व कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग व जांच की भी तैयारी शुरू कर दी गई थी।
इसी क्रम में मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित लोहिया भवन परिसर में सीएमओ डॉ. अशोक कुमार के नेतृत्व में डॉ. आशुतोष व डॉ. सुल्तान व स्वास्थ्य कर्मियों ने जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्र, एडीएम डॉ. पंकज कुमार वर्मा समेत कुल 101 अधिकारियों व कर्मचारियों की थर्मल स्क्रीनिंग की गई। सीएमओ ने बताया कि न सिर्फ थर्मल स्क्रीनिंग की गई, बल्कि सभी के लार का नमूना लेकर जांच के लिए भेज दिया गया।