अंबेडकरनगर। आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर चल रहे जिला स्तरीय खादी ग्रामोद्योग प्रदर्शनी मेले के दूसरे दिन जन जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन हुआ। झांकी व नाटक के माध्यम से नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मेले में कई सामानों की प्रदर्शनी भी लगायी गई है। मिट्टी से बने सामानों की बिक्री खूब हो रही है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग सामानों की खरीदारी भी कर रहे हैं।
सीडीओ आवास के सामने परिसर में चल रहे खादी ग्रामोद्योग विभाग के जिला स्तरीय मेले में रविवार को भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी राकेश दुबे ने कहा कि ऐसे आयोजन से हस्तशिल्पियों को प्रेरणा मिलती है। मेले के आयोजन का मुख्य उद्देश्य विभिन्न कलाकृतियों में माहिर होनहारों के उत्पादों को बढ़ावा देना है। काफी संख्या में हस्तशिल्पियों ने मिट्टी व लकड़ी आदि से काफी आकर्षक सामानों का निर्माण किया है। बड़ी संख्या में पहुंच रहे लोग इसकी खरीदारी कर रहे हैं। ऐसे प्रयासों से ही युवा हस्तशिल्पियों को प्रोत्साहित किया जा सकता है।
उन्होंने आम नागरिकों से मेले में पहुंचने का आह्वान किया है। कहा कि प्रदर्शनी में माटी कला द्वारा निर्मित, खादी द्वारा निर्मित सामान नागरिकों को लुभा रहे हैं। मेले में युवाओं व कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। गब्बर गैंग द्वारा झांकी व नाटक के माध्यम से स्वच्छता अभियान के प्रति नागरिकों को प्रेरित किया।