मालीपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ताहापुर के पुरवे खनूसपुर में चोरों ने भूतपूर्व सैनिक के घर में नकब लगाकर बीस हजार नकदी समेत सेवा के दौरान मिले चार मेडल पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। पीड़ित ने थाने में तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की है।
बताया जाता है कि गांव निवासी भूतपूर्व सैनिक बच्चन लाल का परिवार मंगलवार रात में सोया हुआ था। इसी बीच रात में किसी समय आए चोर नकब लगाकर घर में घुस गए। इसके बाद वहां रखी अटैची को खोल लिया और उसमें रखे बीस हजार रुपये व सेवा के दौरान बेहतर कार्य के लिए मिले चार मेडल को पार कर दिया। घटना की जानकारी बुधवार सुबह उस समय हो सकी, जब परिवार के सदस्यों ने कमरे में अटैची को खुला देखा। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिवार के सदस्यों ने सभी सामान चेक किया तो नकदी व मेडल समेत कई अन्य सामान गायब मिले। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। बाद में बच्चनलाल थाने पहुंचे और तहरीर देकर केस दर्ज करने की मांग की। थानाध्यक्ष राजीव श्रीवास्तव ने बताया कि तहरीर मिली है। छानबीन की जा रही है। (संवाद)