अंबेडकरनगर। वरिष्ठ पत्रकार मनीष मिश्र के निधन को लेकर सोशल मीडिया पर अभद्र टिप्पणी करने वाले जिला बदर किए गए गाजी फाउंडेशन अध्यक्ष मुराद अली के विरुद्ध ब्राह्मण महासभा सेवा समिति की तहरीर पर अकबरपुर कोतवाली में केस दर्ज कर लिया गया है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व मंगलवार सुबह वरिष्ठ पत्रकार मनीष मिश्र का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। निधन को लेकर लोगों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं जिला बदर किए गए गाजी फाउंडेशन अध्यक्ष मुराद अली ने सोशल मीडिया पर वरिष्ठ पत्रकार के निधन को लेकर अभद्र टिप्पणी शुरू कर दी। हालांकि सोशल मीडिया पर टिप्पणी करने को लेकर मुराद की जमकर निंदा की गई। जिसके बाद उसने पोस्ट डिलीट कर दी।
इस बीच बुधवार को ब्राह्मण महासभा समिति प्रदेश अध्यक्ष पंडित हरिओम तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता अकबरपुर कोतवाली पहुंच गए और मुराद के विरुद्ध कोतवाल अमित सिंह को तहरीर दी। कहा गया कि एक वरिष्ठ पत्रकार को लेकर सोशल मीडिया पर जिस तरह से निंदा की गई वह दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसे में उसके विरुद्ध केस दर्ज कर कार्रवाई की जाए। कोतवाल ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। (संवाद)