- नहर की साफ-सफाई न होने से हुई कटान
फोटो 17
संवाद न्यूज एजेंसी
सद्दरपुर (अंबेडकरनगर)। तहसील क्षेत्र टांडा के फरीदपुर से होकर गुजरने वाली चौधरी चरण सिंह पंप नहर ओवरफ्लो होने के बीच बृहस्पतिवार को टूट गई। इससे लगभग 35 बीघा धान की फसल पूरी तरह से जलमग्न हो गई। नाराज किसानों ने कहा कि लंबे समय से संबंधित नहर की बेहतर साफ-सफाई की मांग की जा रही थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। इसी का नतीजा रहा कि बृहस्पतिवार को वह टूट गई।
तहसील क्षेत्र टांडा क्षेत्र से होकर गुरजने वाली चौधरी चरण सिंह पंप कैनाल बृहस्पतिवार को अचानक ओवरफ्लो हो गई। कुछ देर के बाद फरीदपुर गांव के निकट कट गई। इससे तेजी पानी बाहर बहने लगा। देखते ही देखते न सिर्फ फरीदपुर बल्कि अरसावां, अमोरीपुर, रसूलपुर, मोलना चक, फरीदपुर कुतुब समेत आसपास के अन्य गांव की लगभग 35 बीघा धान के खेत में पानी भर गया। कटान रोकने को लेकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन सफलता नहीं मिली। इस पर सिंचाई खंड को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची सिंचाई खंड की टीम ने लगभग दो घंटे के प्रयास के बाद कटान पर अंकुश पाया।
इस बीच प्रभावित किसान केशवराम, मुन्नेलाल, रणजीत, बृजेश, रामउजागिर, विनोद, रामसुमेर आदि ने नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि पानी छोड़ने से पहले संबंधित नहर की सफाई किए जाने की मांग जिम्मेदारों से की जा रही थी, लेकिन इसे लेकर गंभीरता नहीं दिखाई गई। इसी के चलते बृहस्पतिवार को कटान हो गया। कहा कि कटान को तो रोक दिया है, लेकिन अभी भी कई स्थानों से रिसाव हो रहा है। उधर अधिशाषी अभियंता सिंचाई खंड टांडा शिवप्रताप सिंह ने बताया कि गड़बड़ी को दूर करा दिया गया।