अंबेडकरनगर। एक दिन पहले लापता सराफा दुकानदार सोमवार को अकबरपुर इल्तिफातगंज मार्ग पर ऊंचेगांव के पास सड़क के किनारे बेहोश मिला। जानकारी होते ही सीओ सिटी व कोतवाल अकबरपुर मौके पर पहुंचे। दुकानदार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इब्राहिमपुर थाना क्षेत्र के केदारनगर बाजार निवासी अशोक सोनकर (26) बेवाना थाना क्षेत्र के अटंगी मुंगरी बाजार में सराफा की दुकान करता है। प्रतिदिन की तरह वह मंगलवार को भी दुकान के लिए गया था। हालांकि वह देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इस पर परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सोमवार को सुबह वह अकबरपुर इल्तिफातगंज मार्ग पर ऊंचेगांव के पास बेहोश पड़ा मिला।
इसकी जानकारी होते ही सीओ सदर अशोक कुमार सिंह व कोतवाल अमित सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और उसे जिला अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल परिवारीजनों ने अभी पुलिस को तहरीर नहीं दी है। दुकानदार की तबियत ठीक न होने से घटना के कारणों का भी पता नहीं चल सका। कोतवाल अमित सिंह का कहना है कि प्रथम दृष्टया प्रतीत हो रहा है कि नशे की ओवरडोज के चलते वह बेसुध हो गया। फिलहाल मामले में जांच की जा रही है।