फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बीएसएनएल नेटवर्क ध्वस्त, इंटरनेट सेवा बदहाल

विज्ञापन
अंबेडकरनगर के अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर सर्वर न होने ठप पड़ा आरक्षण का कार्य - फोटो : AMBEDKAR NAGAR
विज्ञापन
अंबेडकरनगर। बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल जर्जर हो जाने से आए दिन नेटवर्क की समस्या बनी रहती है। जिले में बीएसएनएल सेवा पिछले करीब एक सप्ताह से बेपटरी हो गई है। जगह-जगह केबल क्षतिग्रस्त होने की वजह से बीएसएनएल नेटवर्क पूरी तरह ध्वस्त है। इससे सबसे ज्यादा मुश्किल आम नागरिकों को रही है। अधिकारियों व विभिन्न विभागों के बीएसएनएल सीयूजी फोन सिर्फ खिलौना बनकर रह गए हैं। पीड़ित अपनी फरियाद तक अधिकारियों से नहीं दर्ज करा पा रहे हैं। सबसे ज्यादा मुश्किल थानों के सीयूजी फोन व विद्युत उपकेंद्रों पर संचालित सीयूजी नंबर के बंद पड़े होने की वजह से हो रही है। अकबरपुर रेलवे स्टेशन पर पिछले कई दिनों से टिकट आरक्षण कार्य प्रभावित चल रहा है। यात्री टिकट कराने के लिए पहुंचते हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ रहा है।
विज्ञापन

गौरतलब है कि बीएसएनएल सेवा पहले से ही बदहाली का शिकार है। परंतु पिछले करीब एक सप्ताह से यह सेवा पूरी तरह बेपटरी हो चुकी है। जर्जर हो चुकी बीएसएनएल की अंडरग्राउंड केबल इन दिनों जगह-जगह क्षतिग्रस्त होती जा रही है। कहीं बारिश की वजह से यह दिक्कत उत्पन्न हो रही है, तो कहीं निर्माण कार्यों के चलते यह समस्या आ रही है। पहले से ही बदहाल दूर संचार विभाग अब इन गड़बड़ियों को दूर कर पाने में अक्षम सा दिखाई पड़ रहा है। इसके चलते ही जिले में विभिन्न विभागों, थानों आदि में संचालित सीयूजी फोन सिर्फ खिलौना बनकर रह गए हैं।
यदि किसी को थानों के सीयूजी पर संपर्क करने की जरूरत हो तो वह संभव नहीं है। तमाम अधिकाररियों के बीएसएनएल नेटवर्क से संचालित सीयूजी नंबर पर बात हो पाना कठिन हो गया है। बीएसएनएल नेटवर्क की बदहाली तब है जब पुलिस कार्यालय से लेकर सभी थानों पर बीएसएनएल का सीयूजी नंबर संचालित हैं। अधिकांश सरकारी कार्यालयों में सीयूजी से लेकर इंटरनेट की सेवा भी बीएसएनएल के ही भरोसे है। नेटवर्क बाधित होने के चलते चारों तरफ अफरातफरी का माहौल है। इसके बावजूद इस बदहाली को दूर कराने की जरूरत नहीं महसूस की जा रही है। इससे नागरिकों में काफी आक्रोश का माहौल है।
विज्ञापन

विभागीय कर्मचारियों के मुताबिक हीरापुर बाजार में पिछले तीन दिनों से केबल क्षतिग्रस्त है। गड़बड़ी को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन फाल्ट ठीक नहीं हो पा रहा है। अकबरपुर नगर शहजादपुर में भी पिछले तीन दिनों से केबल जर्जर हो जाने के चलते नेटवर्क की समस्या उत्पन्न हो गई है। इसके अलावा बनगांव रोड पर भी दो दिन से केबल क्षतिग्रस्त होने के चलते नेटवर्क को बहाल करने में काफी मुश्किल हो रही है। एक साथ कई स्थानों पर केबल के खराब होने के चलते यह मुश्किल हो रही है।
टिकट आरक्षण का कार्य ठप
बीएसएनएल नेटवर्क फेल होने की वजह से पिछले कई दिनों से टिकट रिजर्वेशन का कार्य प्रभावित चल रहा है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री रिवर्जेशन टिकट लेने के लिए स्टेशन पहुंचते हैं, लेकिन नेटवर्क न होने की वजह से उन्हें आरक्षित टिकट नहीं मिल पा रहा है। बुधवार को दिल्ली जाने के लिए आरक्षित टिकट लेने स्टेशन पहुंचे कटेहरी के पंकज अग्रहरि व लुधियाना जाने के लिए टिकट लेने पहुंचे बेवाना के सुनील कुमार ने बताया कि वे दूसरे दिन स्टेशन आए हैं। मंगलवार को आए थे तो नेटवर्क न होने की वजह से वापस लौटना पड़ा था। उम्मीद थी कि आज टिकट मिल जाएगा, लेकिन आज भी वही समस्या बताई जा रही है। टिकट आरक्षण का कार्य देख रहे कर्मचारी बृजेश यादव ने बताया कि मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे से नेटवर्क फेल हो गया। इसके बाद दोबारा नेटवर्क सिस्टम में नहीं आया। इसके चलते आरक्षण का कार्य ठप है। इस समस्या से विभागीय उच्चाधिकारियों को शिकायत नंबर 615 पर अवगत कराया चुका है। पूर्व में भी नेटवर्क की समस्या से टिकट आरक्षण कार्य प्रभावित हुआ था।
दर्ज नहीं हो पा रही शिकायत
बीएसएनएल नेटवर्क के फेल होने से सबसे ज्यादा मुश्किल थानों व विद्युत उपकेंद्रों पर बात न हो पाने के चलते नागरिक परेशान हैं। नागरिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में विद्युत की बदहाली के चलते सबसे ज्यादा मुश्किल हो रही है। कटरिया सम्मनपुर के सजीवन जायसवाल ने बताया कि सीयूजी नंबर पर फोन न लगने की वजह से काफी दिक्कत होती है। यदि कहीं कोई आपात स्थिति उत्पन्न हो जाए तो दूरभाष पर बात नहीं हो सकती है। इससे कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विद्युत विभाग को अविलंब वैकल्पिक नंबर जारी करना चाहिए। इतना नही अमर उजाला टीम ने सत्यता जाने के लिए अपराह्न करीब ढाई बजे जिलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी, सीएमओ, सीएमएस, अधिशाषी अभियंतक विद्युत, एएसपी, सीओ सदर, सीओ भीटी व अकबरपुर कोतवाली के अलावा कई थानों के सीयूजी नंबर पर संपर्क किया, लेकिन कहीं पर बात नही हो सकी। सिर्फ सीडीओ घनश्याम मीणा का फोन लगा और उनके स्टेनो ने फोन रिसीव किया।
समस्या समाधान का किया जा रहा प्रयास
जिले के तीन अलग-अलग स्थानों पर केबल ब्रेक होने की वजह से नेटवर्क समस्या उत्पन्न हुई है। इसे दुरुस्त करने के लिए आवश्यक प्रयास चल रहा है। जल्द ही समस्या का समाधान कर लिया जाएगा। -राकेश वर्मा, मंडल अभियंता दूर संचार
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें