अंबेडकरनगर। पावर कॉर्पोरेशन में अधिकारियों की मनमानी चरम पर है। ताजा मामला कलेशर उपकेंद्र से जुड़ा है। तबादले के डेढ़ माह बाद भी यहां तैनात अवर अभियंता ऋषि गुप्ता को रिलीव नहीं किया गया है। इस अवर अभियंता की कार्यशैली से ग्रामीण उपभोक्ताओं में जबरदस्त नाराजगी है। कई उपभोक्ताओं ने इसकी शिकायत डीएम से की है। कहा कि कुछ खास कारणों से जानबूझकर अवर अभियंता को रिलीव नहीं किया जा रहा है।
गौरतलब है कि टांडा विद्युत वितरण खंड कलेशर उपकेंद्र पर तैनात अवर अभियंता ऋषि गुप्ता का तबादला विद्युत उपकेंद्र अकबरपुर में कर दिया गया है। गत 10 अगस्त को अधीक्षण अभियंता रमेश चंद्र ने दो अन्य अवर अभियंताओं के साथ ऋषि को भी स्थानान्तिरत किया था। इसके बाद से डेढ़ माह बीतने को हैं, लेकिन अभी तक ऋषि गुप्ता को अधिशाषी अभियंता रिलीव नहीं कर रहे हैं। इस कारण स्थानीय उपभोक्ताओं ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जानबूझकर अवर अभियंता को रिलीव नहीं किया जा रहा है।
लंबे समय से अवर अभियंता इसी विद्युत उपकेंद्र पर जमे हैं। उनकी कार्यशैली की कई उपभोक्ताओं द्वारा शिकायत की जा चुकी है लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उपभोक्ताओं ने नाम न छापने की शर्त पर कहा कि जल्द ही अब डीएम से मिलकर पूरे प्रकरण की शिकायत की जाएगी। इसमें एक दो अधिकारियों की भूमिका भी उचित नहीं है। डीएम को बताया जाएगा कि किस तरह से अधीक्षण अभियंता के आदेशों का उल्लंघन किया जा रहा है।