प्रदअंबेडकरनगर। लंबे समय से प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से अनापत्ति प्रमाणपत्र के नवीनीकरण के बिना चल रहे 29 ईंट भट्ठों का संचालन बंद होगा। बोर्ड ने ऐसे ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी कर संचालन बंद करने का निर्देश दिया है। चेतावनी दी गई कि जांच में संचालन होता पाया गया तो केस दर्ज कराया जाएगा। वहीं, 185 ईंट भट्ठा संचालकों को एनओसी के नवीनीकरण के लिए नोटिस जारी की गई है। 56 संचालकों ने अब तक ली ही नहीं है। इनको भी नोटिस दिया गया है।
अनापत्ति प्रमाणपत्र नवीनीकरण के बिना ईंट भट्ठे चला रहे संचालकों पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सख्ती के मूड में आ गया है। बोर्ड ने ऐसे 29 ईंट भट्ठा संचालकों को संचालन बंद करने का निर्देश दिया है जो बिना एनओसी के ही संचालन कर रहे हैं। बताते चलें कि जिले में 520 ईंट भट्ठे हैं। इनमें से 250 ऐसे हैं, जिन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से प्रदूषण अनापत्ति प्रमाणपत्र हासिल कर रखा है। 270 ऐसे हैं, जिनके पास प्रदूषण अनापत्ति प्रमाणपत्र नहीं है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता ओमप्रकाश ने बताया कि बीते दिनों हुई जांच में पाया गया कि 29 ऐसे ईंट भट्ठों का संचालन लंबे समय से किया जा रहा है, जिन्होंने लंबे समय से अनापत्ति प्रमाणपत्र का नवीनीकरण नहीं कराया है। इन्हें प्रमाणपत्र नवीनीकरण कराने के लिए कई बार नोटिस जारी की गई, लेकिन इसके बाद भी नहीं लिया गया। ऐसे में अब संबंधित ईंट भट्ठा संचालकों को नोटिस जारी कर भट्ठे का संचालन बंद करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जांच में संचालन होता पाया गया, तो संबंधित के विरुद्ध केस दर्ज कराया जाएगा।
बताया कि 185 ईंट भट्ठा संचालक ऐसे हैं, जिन्होंने प्रमाणपत्र का नवीनीकरण नहीं कराया है। इन्हें नोटिस जारी कर अतिशीघ्र नवीनीकरण कराने का निर्देश दिया गया है। 56 ऐसे ईंट भट्ठे पाए गए, जिनका रजिस्ट्रेशन ही नहीं हुआ था। ऐसे में बगैर अनापत्ति प्रमाणपत्र के इनका संचालन किया जा रहा है। इन्हें भी एनओसी हासिल करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
पापुलर ईंट उद्योग नैपुरा, आरके ईंट उद्योग, अनरसा देवी ईंट उद्योग, चौहान ईंट उद्योग, साहिब बिक फील्ड, संतोष इंटरप्राइजेज, चंद्रभान चौधरी ईंट भट्ठा, वर्मा ईंट उद्योग, आरकेवाई ब्रिक फील्ड, विजय ब्रिक फील्ड, इंडिया ईंट उद्योग, गोल्ड ब्रिक फील्ड, एलएनसी ब्रिक फील्ड, श्याम भजन चौधरी ब्रिक फील्ड, आदर्श ब्रिक फील्ड, आरवी ईंट उद्योग, कुरैशी ब्रिक फील्ड, आयुष इंटरप्राजेज ईंट भट्ठा, एसबी ब्रिक फील्ड, जनता ईंट भट्ठा, बालाजी ब्रिक फील्ड, वर्मा ब्रिक फील्ड, पवन ब्रिक फील्ड, अमन ईंट उद्योग, स्टार ब्रिक फील्ड समेत 29 का संचालन बंद करने की नोटिस प्रदूषण बोर्ड ने जारी की है।
लंबे समय से एनओसी का नवीनीकरण न करवाने वाले ईंट भट्ठों का संचालन बंद करने को नोटिस जारी किया है। इसके अलावा 185 को नवीनीकरण व 56 को एनओसी लेने का नोटिस जारी किया है। जो एनओसी नहीं लेगा उसके खिलाफ आगे भी संचालन बंद करने की कार्रवाई की जाएगी।
- स्वामीनाथ राम, क्षेत्रीय प्रबंधक, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, अयोध्या