अंबेडकरनगर। बस को ओवरटेक करने के चक्कर में अनियंत्रित बोलेरो विपरीत दिशा से आ रहे डीजल भरे टैंकर से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में बोलेरो चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से दोनों को जिला अस्पताल भेजा। जहां हालत गंभीर देख चालक को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरान चालक की मौत हो गई।
महरूआ थाना क्षेत्र के बाहरी नरहरपुर गांव निवासी निखिल तिवारी (22) अपने मित्र डेरापुर गांव निवासी विजय निषाद (20) के साथ बोलेरो से अकबरपुर की तरफ जा रहे थे। वाहन विजय चला रहे थे, जबकि मनोज तिवारी उनके बगल बैठे थे। सोमवार की रात महरूआ पेट्रोलपंप के निकट बस को ओवरटेक करने के प्रयास में बोलेरो विपरीत दिशा से आ रहे डीजल भरकर जा रहे टैंकर से टकरा गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो दो बार पलटने के बाद पंप के निकट परचून की दुकान के बाहर लगी टिनशेड से टकराकर रुक गई। हादसे में बोलरो सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने दोनों के बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां से विजय की हालत नाजुक देखते हुए राजकीय मेडिकल कॉलेज सद्दरपुर भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया कि घायल का इलाज चल रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। टैंकर से डीजल खाली करने के लिए भेजा गया है।